बालासाहेब ठाकरे आर्ट गैलरी बंद नहीं होने देंगे, निजी खर्च से हर महीने 10 लाख रुपये दूंगा : प्रताप सरनाईक
राजेश कुमार / संवाददाता
मीरा-भायंदर। मीरा-भायंदर शहर की आन-बान-शान मानी जाने वाली हिंदूहृदयसम्राट स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे आर्ट गैलरी को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री एवं धाराशिव जिले के पालक मंत्री प्रताप सरनाईक ने ऐलान किया है कि यदि मीरा-भायंदर महानगरपालिका आर्ट गैलरी के संचालन और रखरखाव में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है, तो वे इसके लिए हर महीने 10 लाख रुपये अपने निजी खर्च से देंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खर्चों का हवाला देकर बालासाहेब ठाकरे की विरासत और सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री प्रताप सरनाईक ने 6 नवंबर को आर्ट गैलरी का दौरा कर वहां की सुविधाओं, वर्तमान स्थिति और आवश्यक कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पिछली समीक्षा बैठक में महानगरपालिका प्रशासन को दीपावली की छुट्टियों के दौरान 15 दिनों तक आर्ट गैलरी आम नागरिकों, बच्चों और विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क खोलने के निर्देश दिए गए थे, ताकि नई पीढ़ी इस कला भवन का लाभ उठा सके। इसी क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को आर्ट गैलरी देखने और उसका आनंद लेने की अनुमति दी।
सरनाईक ने कहा कि यदि महानगरपालिका प्रशासन इस भवन का संचालन आर्थिक कारणों से नहीं कर सकता, तो वे प्रतिमाह अनुमानित 10 लाख रुपये का खर्च स्वयं उठाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने अगले महीने से यह राशि सीधे महापौर निधि में जमा कराने की बात कही। साथ ही महापौर से लिखित रूप में यह बताने की मांग की कि क्या महानगरपालिका आर्ट गैलरी के संचालन में आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर भी साधा निशाना
आर्ट गैलरी के संचालन को लेकर उठ रहे सवालों और भ्रष्टाचार के आरोपों का हवाला देकर इसे बंद रखने की भूमिका पर मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि कथित भ्रष्टाचार के मामलों में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उन्हें इस प्रतिष्ठित इमारत पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार किसने दिया? उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों की कार्यशैली विकास परियोजनाओं में बाधाएं खड़ी करने और काम पूरा होने के बाद उसका श्रेय लेने तक सीमित रही है।
मिनी क्लस्टर योजना और मेट्रो परियोजना का भी किया जिक्र
मंत्री प्रताप सरनाईक ने मीरा-भायंदर के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने क्लस्टर योजना, मेट्रो परियोजना, पानी की समस्या और पुरानी एवं जर्जर इमारतों के पुनर्विकास का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में क्लस्टर योजना का विरोध किए जाने के कारण 178 से अधिक परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, लगातार प्रयासों के बाद सरकारी स्तर पर मिनी क्लस्टर योजना को मंजूरी दिलाई गई, लेकिन अब कुछ लोग इसका श्रेय लेने के लिए आगे आ रहे हैं।
बालासाहेब का स्मरण कर भावुक हुए सरनाईक
बालासाहेब ठाकरे का स्मरण करते हुए मंत्री प्रताप सरनाईक भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बालासाहेब ठाकरे केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि समूचे विश्व में हिंदुत्व की आन-बान और शान के प्रतीक रहे हैं। उनकी स्मृति में बनी आर्ट गैलरी का संचालन किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि मीरा-भायंदर महानगरपालिका का शासन-प्रशासन लिखित रूप से अपनी अक्षमता दर्शाता है, तो वे और उनका परिवार इस आर्ट गैलरी का संचालन अपने निजी खर्च से करने के लिए तैयार हैं।
इस अवसर पर शिवसेना के मीरा-भायंदर जिला प्रमुख राजू भोईर, जिला समन्वयक विक्रम प्रताप सिंह, महिला जिला संगठक निशा नार्वेकर, हिंदी भाषी प्रकोष्ठ के जिला समन्वयक शंकर झा, उत्तर भारतीय जिला प्रमुख संदीप तिवारी, जिला समन्वयक विद्याशंकर चतुर्वेदी, उद्योगपति एवं वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र मित्तल, जिला प्रवक्ता संतोष गोले, जिला उपाध्यक्ष सुरेश एल. दुबे, नवीन सिंह, गुजराती प्रकोष्ठ के जिला प्रमुख अश्विन कासोदरिया, राजस्थानी प्रकोष्ठ के जिला प्रमुख सुरेंद्र दौलत सिंह भाटी, जिला समन्वयक निरंजन मोर, सुरेश पुरोहित सहित तमाम नगरसेवक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महानगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।