मुंबई में मेट्रो स्टेशनों के आसपास 500 मीटर के दायरे में होगा सुनियोजित विकास, ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी
सूर्यप्रकाश दुबे / संवाददाता
मुंबई। मुंबई में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने के लिए मेट्रो स्टेशनों के आसपास सुनियोजित विकास पर जोर दिया जा रहा है। ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) नीति के तहत भूमिगत मेट्रो स्टेशनों के करीब 500 मीटर के दायरे में आवासीय इमारतों, कार्यालयों, दुकानों और दैनिक जरूरतों से जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने की योजना है। इसका उद्देश्य लोगों को मेट्रो तक आसानी से पहुंच उपलब्ध कराना और शहर में यातायात का दबाव कम करना है।
मुंबई मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की प्रबंध निदेशक और मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े ने भुवनेश्वर में आयोजित 19वीं अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस में नगर विकास और सार्वजनिक परिवहन के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि शहरी नियोजन और परिवहन व्यवस्था को एक-दूसरे से जोड़कर शहरों में आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकता है।
महाराष्ट्र में TOD नीति के तहत नागपुर और पुणे में भी इस दिशा में काम किया जा रहा है। मुंबई में भूमिगत मेट्रो स्टेशनों के आसपास सघन और योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा देने पर जोर है। इसके तहत ऐसी व्यवस्था विकसित करने का लक्ष्य है, जिसमें लोगों को घर से स्टेशन तक पहुंचने और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।
अश्विनी भिड़े के अनुसार, अतिरिक्त निर्माण की अनुमति के दौरान मिलने वाले प्रीमियम का उपयोग स्थानीय नागरिक सुविधाओं और परिवहन संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। इससे मेट्रो स्टेशनों के आसपास जरूरी सुविधाओं के विकास में मदद मिल सकती है।
मेट्रो स्टेशनों के आसपास बेहतर सड़क संपर्क, आवासीय सुविधाएं और दैनिक जरूरतों से जुड़ी व्यवस्थाएं उपलब्ध होने से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल बढ़ने की उम्मीद है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता, यातायात का दबाव और ईंधन की खपत कम करने में भी मदद मिल सकती है।
लंदन और सिंगापुर जैसे शहरों के अनुभवों तथा विशेषज्ञों के सुझावों को ध्यान में रखते हुए मुंबई की शहरी परिवहन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए नगर नियोजन, परिवहन विभाग और स्थानीय निकायों के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।