नामदार राही
ठाणे। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चुनाव प्रक्रिया को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुरबाड तालुका कांग्रेस कमेटी की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व ठाणे ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतन सिंह पवार ने किया। इस अवसर पर जिला महासचिव एवं तालुका प्रभारी जफर मुंडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
पदयात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूची और मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव और मताधिकार की सुरक्षा को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर ठाणे ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतन सिंह पवार ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों और ईवीएम में गड़बड़ियों के जरिए सत्ताधारी भाजपा को फायदा पहुंचाने का काम किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे सामने आने के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त अपने पद से इस्तीफा नहीं दे रहे हैं।
पवार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान को आगे बढ़ाएगी। इसके तहत ठाणे जिले के प्रत्येक ब्लॉक और गांव में पदयात्राओं तथा चौपाल बैठकों का आयोजन कर लोगों को चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में तालुका अध्यक्ष अनिल चिराटे, तालुका कार्याध्यक्ष धनाजी बांगर, जिला मुख्य समन्वयक भरत विशे, जिला सचिव बिपिन भावार्थे, संयोजक एवं ओबीसी तालुका अध्यक्ष जयवंत हरड, कालूराम विशे, अरुण जोशी, गणेश खारे और तालुका पदाधिकारी शुभम सूर्यराव सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।
पदयात्रा के जरिए कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन की सक्रियता बढ़ाने और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।