Home /

ठाणे जिले में हवा में उड़ने वाले पटाखों और रॉकेट पर तीन महीने का प्रतिबंध

N

News Desk/ Shivkumar Shukla

Nov 09, 2026 • 86 Views

ठाणे जिले में हवा में उड़ने वाले पटाखों और रॉकेट पर तीन महीने का प्रतिबंध

ठाणे जिले में हवा में उड़ने वाले पटाखों और रॉकेट पर तीन महीने का प्रतिबंध

नामदार राही/ संवाददाता

ठाणे: दीपावली के उत्सव के दौरान आगजनी की घटनाओं को रोकने तथा नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उनके निर्देश पर ठाणे जिले में हवा में उड़ने वाले पटाखों और रॉकेट चलाने पर तीन महीने के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर दिया है। दीपावली के दौरान ठाणे शहर के विभिन्न इलाकों में आग लगने की घटनाओं तथा रहेजा गार्डन स्थित 17 मंजिला रहेजा कार्लाइन इमारत में लगी भीषण आग को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।

रविवार रात करीब 8:30 बजे रहेजा गार्डन स्थित रहेजा कार्लाइन इमारत में भीषण आग लग गई। इस घटना की सूचना मिलते ही ठाणे महानगरपालिका के अग्निशमन दल और ठाणे आपदा प्रतिक्रिया बल (टीडीआरएफ) ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। इमारत की आठवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में आग लगी थी। बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए इमारत में फंसे करीब 50 रहिवासियों के साथ उनके पालतू कुत्तों और बिल्लियों को भी सुरक्षित बाहर निकाला।

आग की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। उन्होंने इमारत में फंसे रहिवासियों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया। कुछ रहिवासियों को इमारत के रिफ्यूज एरिया में, जबकि अन्य को छत पर सुरक्षित रखा गया।

आग के कारण इमारत में बड़े पैमाने पर धुआं फैल गया था, जिससे लिफ्ट का इस्तेमाल करना संभव नहीं था। ऐसे में अग्निशमन जवानों ने सीढ़ियों और स्ट्रेचर की मदद से रहिवासियों को सुरक्षित नीचे उतारा। बचाव अभियान में अत्याधुनिक ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे यह पता लगाने में मदद मिली कि इमारत की किस मंजिल पर लोग फंसे हुए हैं। अग्निशमन दल और टीडीआरएफ के जवानों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और सभी रहिवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटनास्थल पर सांसद नरेश म्हस्के, श्रीकांत शिंदे, विधायक रवींद्र फाटक, विधायक निरंजन डावखरे, महापौर शर्मिला पिंपलोलकर, आयुक्त सौरभ राव, नौपाड़ा-कोपरी प्रभाग समिति की अध्यक्ष मीनल सांखे, स्थानीय नगरसेवक विकास रेपाळे, नम्रता भोसले, राजेंद्र फाटक, अतिरिक्त आयुक्त-2 मेजर डॉ. नितिन राठौड़, उपायुक्त जी.जी. गोदेपुरे, दिनेश तायडे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश झलके, आपदा प्रबंधन अधिकारी यासीन तडवी, पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम तथा यातायात पुलिस उपायुक्त शिरसाट सहित महानगरपालिका के अधिकारी उपस्थित थे।

बचाव अभियान में ठाणे महानगरपालिका के अग्निशमन दल की दो ब्रांटो फायर गाड़ियां, दो फायर वाहन, एक वॉटर टैंकर और दो जंबो वॉटर टैंकर तैनात किए गए। इसके अलावा बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अग्निशमन दल का एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और एक फायर वाहन, क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन कक्ष का एक यूटिलिटी वाहन, आपदा प्रतिक्रिया दल का एक यूटिलिटी वाहन, एंबुलेंस तथा वागले पुलिस स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे।

बचाव अभियान के दौरान ठाणे महानगरपालिका के अग्निशमन अधिकारियों एवं जवानों तथा टीडीआरएफ की टीम ने बेहतर समन्वय और तत्परता के साथ काम किया। अभियान के बाद रहेजा गार्डन के रहिवासियों ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महानगरपालिका प्रशासन और बचाव कार्य में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

दीपावली के दौरान ठाणे शहर और जिले के विभिन्न इलाकों में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए हवा में उड़ने वाले पटाखों से उत्पन्न संभावित खतरे को ध्यान में रखकर एहतियाती कदम उठाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत हवा में उड़ने वाले पटाखों और रॉकेट पर तीन महीने के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।

जिलाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल द्वारा जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुसार, ठाणे जिले की बड़ी इमारतों के परिसरों, पार्किंग स्थलों और खुली जगहों पर हवा में उड़ने वाले पटाखे और रॉकेट चलाने पर पाबंदी रहेगी। यह आदेश आगामी तीन महीनों तक लागू रहेगा।

आदेश का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस, अग्निशमन दल और संबंधित प्रशासनिक विभागों को निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, समूह अथवा संस्थाओं के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों की सुरक्षा और आगजनी की घटनाओं को रोकने को प्राथमिकता देते हुए ठाणे महानगरपालिका प्रशासन ने भी नागरिकों से अग्निसुरक्षा नियमों का पालन करने तथा पटाखे जलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

महापालिका क्षेत्र में प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाएगा – आयुक्त सौरभ राव

जिलाधिकारी द्वारा रॉकेट और इसी तरह के हवा में उड़ने वाले पटाखों के इस्तेमाल पर जारी प्रतिबंधात्मक आदेश को ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में प्रभावी एवं सख्ती से लागू करने के लिए आयुक्त सौरभ राव ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

सहायक आयुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे पटाखा विक्रेताओं को रॉकेट और अन्य उड़ने वाले पटाखों पर लगाए गए प्रतिबंध की स्पष्ट जानकारी दें। साथ ही सभी प्रभाग समितियों के सहायक आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों की हाउसिंग सोसायटियों, व्यावसायिक परिसरों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और रिहायशी इलाकों में इस आदेश की जानकारी पहुंचाएं।

आदेश का उल्लंघन न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और आवश्यक समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। हाउसिंग सोसायटियों के पदाधिकारियों को भी आदेश के पालन के संबंध में सूचित करने को कहा गया है।

दीपावली के दौरान आगजनी की संभावित घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शहर के सभी अग्निशमन केंद्रों को सतर्क रखते हुए आवश्यक एहतियाती उपाय करने को कहा गया है।

इसके अलावा, आदेश के उल्लंघन से संबंधित शिकायतें मिलने पर आपदा प्रबंधन विभाग को इसकी जानकारी लाइसेंस विभाग और संबंधित प्रभाग समिति के सहायक आयुक्तों को देने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित सहायक आयुक्तों को प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करनी होगी।

नागरिकों की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी के आदेश का सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से पालन करें और इसका कड़ाई से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ऐसे निर्देश आयुक्त सौरभ राव ने दिए हैं।

#

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.