रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क / संवाददाता
विरार । वसई तालुका कला-क्रीड़ा विकास मंडल की ओर से आयोजित होने वाले 37वें वसई तालुका कला-क्रीड़ा महोत्सव की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। महोत्सव को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार शाम वसई स्थित क्रीड़ा मंडल कार्यालय में संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, प्रवेश प्रक्रिया और आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मंडल के कार्याध्यक्ष प्रकाश वनमाली ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रवेश आवेदन दिवाली की छुट्टियां समाप्त होने के बाद स्कूलों को वितरित किए जाएंगे। इसके लिए तालुका के सभी निर्धारित वितरण केंद्रों पर आवेदन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए प्रवेश आवेदन कला-क्रीड़ा महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों और प्रतिभागियों से वेबसाइट पर जारी जानकारी पर ध्यान देने की अपील की।
इस वर्ष तैराकी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की मांग को देखते हुए दो नए आयु वर्ग शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत 20 से 35 वर्ष और 36 से 59 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। कार्याध्यक्ष प्रकाश वनमाली ने बताया कि तैराकी प्रतियोगिता में अधिक आयु के प्रतिभागियों को शामिल करने की मांग लंबे समय से उठ रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इन दोनों नए आयु वर्गों को प्रतियोगिता में जोड़ा गया है।
बैठक में कार्याध्यक्ष प्रकाश वनमाली, सरचिटणीस केवल वर्तक, संघटक सचिव अनिल वाझ, चिटणीस विजय चौधरी, कला विभाग प्रमुख प्रशांत घुमरे, कार्यालय प्रमुख राजेश जोशी, क्रीड़ा मंडल उपाध्यक्ष सुरेश ठाकूर, नगरसेविका ज्योति धोंडेकर, डॉ. शुभांगी पाटील, अरुणा डाबरे, रोहिणी जाधव और नगरसेवक आशिष वर्तक सहित पूर्व नगरसेवक, नगरसेविकाएं, विभिन्न कला एवं क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के प्रमुख तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।