Menu
Select Language
EN
HI

इस बार गड्ढों से नहीं, साफ-सुथरी सड़कों से होगा गणपति बप्पा का आगमन: प्रदीपिका कुमारी सिंह

E

Entertainment Desk

Aug 05, 2026 41
इस बार गड्ढों से नहीं, साफ-सुथरी सड़कों से होगा गणपति बप्पा का आगमन: प्रदीपिका कुमारी सिंह



आर एस न्यूज / 

 

संवाददाता

नालासोपारा। आगामी गणेशोत्सव एवं छठ महापर्व को देखते हुए वसई-विरार शहर महानगरपालिका द्वारा वार्ड क्रमांक-8 में लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। पिछले वर्ष जर्जर सड़कों और गहरे गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। गणपति उत्सव और छठ पूजा के दौरान एवर शाइन-वसंत नगरी क्षेत्र की बदहाल सड़कों को लेकर लोगों में व्यापक नाराजगी देखने को मिली थी।
इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष महानगरपालिका ने सड़क मरम्मत अभियान में तेजी लाई है। जिन मार्गों की पिछले वर्ष मरम्मत नहीं हो सकी थी, वहां गड्ढों को भरने और सड़कों को समतल बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
वार्ड क्रमांक-8 की नगर सेविका प्रदीपिका कुमारी ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "पिछले वर्ष गणपति बप्पा का आगमन गड्ढों वाली सड़कों से हुआ था, जिससे हम सभी को पीड़ा हुई थी। हमारे प्रथम पूज्य भगवान गणेश का स्वागत जिस सम्मान और गरिमा के साथ होना चाहिए, वैसा वातावरण नहीं बन पाया था। इस वर्ष हमने संकल्प लिया है कि गणपति बप्पा का आगमन साफ-सुथरी, समतल और सुरक्षित सड़कों से होगा। किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।"
उन्होंने आगे कहा कि सड़क मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से कराया जा रहा है तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराई जाएगी ताकि गणेशोत्सव और छठ पूजा से पहले सभी प्रमुख मार्ग सुगम हो जाएं।
इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने भी सड़क मरम्मत और विकास कार्यों की सराहना की। नीतू पाण्डेय, सीमा यादव, पिंकी सिंह, शशिकला तिवारी, इंदु प्रजापति, द्रौपती तिवारी, शीला सिंह, विद्या यादव तथा रीता विश्वकर्मा सहित अन्य महिलाओं ने संयुक्त रूप से कहा कि नगर सेविका प्रदीपिका कुमारी के निर्वाचित होने के बाद वार्ड में विकास कार्यों ने नई गति पकड़ी है।
महिलाओं ने कहा, "लंबे समय से सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई थीं, लेकिन नगर सेविका बनने के बाद प्रदीपिका कुमारी ने इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया। अब सड़क मरम्मत, गड्ढों को भरने, सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं में लगातार सुधार दिखाई दे रहा है। गणेशोत्सव और छठ पूजा जैसे प्रमुख पर्वों से पहले सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में वार्ड का और अधिक विकास होगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहेंगी।"
स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई कि इस बार गणेशोत्सव और छठ पूजा के दौरान एवर शाइन-वसंत नगरी क्षेत्र की पहचान बदहाल सड़कों से नहीं, बल्कि बेहतर व्यवस्थाओं, स्वच्छता और सुगम आवागमन से होगी।

Discussion

0 Comments

Leave a Reply