Menu
Select Language
EN
HI

वसई-विरार में जिला स्तरीय सुब्रोतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 86 टीमों के 1376 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

E

Entertainment Desk

Aug 01, 2026 • 31 Views

वसई-विरार में जिला स्तरीय सुब्रोतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, 86 टीमों के 1376 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

 

वसई

शिवशंकर शुक्ल 

क्रीड़ा एवं युवक संचालनालय महाराष्ट्र, जिला क्रीड़ा परिषद पालघर और वसई-विरार शहर महानगरपालिका के क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय स्कूली एवं महाविद्यालयीन सुब्रोतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को विरार पश्चिम स्थित म्हाडा मैदान (अग्निशमन केंद्र के सामने, बोळींज) में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन महापौर अजीव पाटील और आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (आईएएस) ने फुटबॉल को किक मारकर तथा आयुक्त ने टॉस कर किया।

उद्घाटन समारोह में उपमहापौर मार्शल लोपीस, विपक्ष के नेता मनोज पाटील, नगरसेवक डॉमनिक रुमाव, गणेश पाटील, नगरसेविकाएं ज्योति म्हात्रे, संजना भायदे, मिनू झा, उपआयुक्त (क्रीड़ा) अजित मुठे, सहायक आयुक्त (क्रीड़ा) नीता कोरे, जिला क्रीड़ा सलाहकार गोविंद शिंदे, प्रतियोगिता प्रमुख योगेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्रीड़ा शिक्षक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी, विद्यार्थी, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता का माहौल देखकर उन्हें अपने महाविद्यालयीन दिनों में फुटबॉल खेलने की याद ताजा हो गई। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी न किसी खेल में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

उपमहापौर मार्शल लोपीस ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देती हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।

विपक्ष के नेता मनोज पाटील ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की। नगरसेवक गणेश पाटील ने प्रतियोगिता के इतिहास की जानकारी देते हुए कहा कि वसई-विरार क्षेत्र ने कई उत्कृष्ट खिलाड़ी और प्रशिक्षक दिए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण करने का भी आग्रह किया।

महापौर अजीव पाटील ने कहा कि महानगरपालिका खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों और शिक्षकों से प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर सुझाव देने का आग्रह किया ताकि भविष्य में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

महानगरपालिका की स्थापना के बाद से यह प्रतियोगिता लगातार आयोजित की जा रही है और इस वर्ष इसका 14वां आयोजन है। भारत के प्रथम वायुसेना प्रमुख सुब्रोतो मुखर्जी की स्मृति में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में इस बार महानगरपालिका क्षेत्र की 86 फुटबॉल टीमों के 1376 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 15 वर्ष से कम आयु के बालक तथा 17 वर्ष से कम आयु के बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की जा रही है। यह प्रतियोगिता 1 अगस्त से 5 अगस्त 2026 तक चलेगी। उद्घाटन दिवस पर कुल 20 टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।

Discussion