नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी के समुद्री टोही अभियानों के 50 वर्ष पूरे होने पर 18 नवंबर 2026 को स्वर्ण जयंती मनाई। यह अवसर भारतीय नौसेना वायु स्क्वाड्रन (आईएनएएस) 312 की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने से जुड़ा है। 'अल्बाट्रॉस' के नाम से पहचाने जाने वाले इस स्क्वाड्रन ने पिछले पांच दशकों में भारत की समुद्री निगरानी, सुरक्षा और सामरिक क्षमताओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

वर्ष 1971 के युद्ध के बाद भारतीय नौसेना को ऐसे लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमानों की आवश्यकता महसूस हुई, जो युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ समन्वय बनाकर समुद्री क्षेत्रों की निगरानी कर सकें। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए 18 नवंबर 1976 को गोवा स्थित आईएनएस हंसा में आईएनएएस 312 की स्थापना की गई। शुरुआत में इस स्क्वाड्रन को भारतीय वायु सेना से हस्तांतरित पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों से सुसज्जित किया गया था।

इसके बाद भारतीय नौसेना की हवाई निगरानी क्षमता में लगातार विस्तार हुआ। वर्ष 1977 में इल्युशिन आईएल-38 विमानों को शामिल किए जाने से समुद्री टोही और पनडुब्बी रोधी युद्ध क्षमता को मजबूती मिली। वर्ष 1988 में टुपोलेव टीयू-142एम विमानों के शामिल होने से हिंद महासागर क्षेत्र में लंबी दूरी तक निगरानी की पहुंच बढ़ी।

वर्ष 2013 में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में बोइंग पी-8आई विमानों को शामिल करना नौसेना के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी उपलब्धि साबित हुआ। इन आधुनिक विमानों के माध्यम से व्यापक समुद्री क्षेत्र में खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी एवं टोही, पनडुब्बी रोधी युद्ध और समुद्री हमले की क्षमताओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ।

पिछले पांच दशकों में भारतीय नौसेना के लंबी दूरी के समुद्री टोही विमानों ने ऑपरेशन कैक्टस, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर सहित कई महत्वपूर्ण अभियानों में अपनी भूमिका निभाई है। इसके अलावा समुद्री डकैती विरोधी अभियानों तथा खोज एवं बचाव अभियानों में भी इन विमानों का योगदान रहा है।

वर्तमान में अरक्कोनम स्थित आईएनएस राजाली में तैनात आईएनएएस 312 के पी-8आई विमान और गोवा स्थित आईएनएस हंसा में तैनात आईएनएएस 316 के विमान हिंद महासागर तथा उससे आगे के समुद्री क्षेत्रों में निगरानी बनाए रखने और भारत के समुद्री हितों की सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं।

नौसेना की इस स्वर्ण जयंती पर उन सभी पीढ़ियों के नौसैनिक विमान चालकों, मिशन क्रू, तकनीकी रखरखाव कर्मियों और सहयोगी कर्मचारियों के योगदान को भी याद किया गया, जिन्होंने पांच दशकों तक इस महत्वपूर्ण क्षमता को विकसित करने और बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाई। सुपर कॉन्स्टेलेशन से आधुनिक पी-8आई तक का यह सफर भारतीय नौसेना की समुद्री निगरानी क्षमताओं में आए तकनीकी और परिचालन बदलावों को दर्शाता है।