मुंबई यूनिवर्सिटी में सारला साहित्य संसद का आलोचनाचक्र आयोजित

रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क / संवाददाता

मुंबई। ओडिशा की सारला साहित्य संसद की मुंबई शाखा और मुंबई यूनिवर्सिटी के अंग्रेजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यूनिवर्सिटी के कॉन्फ्रेंस हॉल में 'अंग्रेजी अनुवाद के जरिए ओडिया साहित्य का प्रसार' विषय पर आलोचनाचक्र का आयोजन किया गया।

आलोचनाचक्र का उद्घाटन मुंबई यूनिवर्सिटी के गुजराती विभाग की प्रमुख प्रोफेसर डॉ. उर्वशी पंड्या ने किया। उन्होंने कहा कि ओडिया साहित्य अत्यंत प्राचीन और समृद्ध है। सारला महाभारत ओडिया साहित्य का एक अमूल्य खजाना है। सारला दास को ओडिया साहित्य का जनक कहा जाता है।

सारला साहित्य संसद के संस्थापक एवं सभापति इंजीनियर प्रभाकर स्वाईं ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि युगों-युगों से ओडिया साहित्य उच्च स्तर का रहा है। उन्होंने कहा कि कई जाने-माने साहित्यकारों की पुस्तकों का अंग्रेजी में अनुवाद होने के बाद ही उन्हें विश्व स्तर पर व्यापक पहचान मिली है।

संसद की मुंबई शाखा के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. राजेश करनकाल ने कहा कि विश्व दरबार में ओडिया साहित्य का स्तर हमेशा ऊंचा रहा है। आधुनिक भारतीय साहित्य में फकीरमोहन सेनापति, गोपीनाथ महांती, मनोज दास, सच्चिदानंद राउतराय, सुरेंद्र महांती, वीणापाणी महांती, शांतनु आचार्य एवं प्रतिभा राय आदि साहित्यकारों ने प्रमुख अंग्रेजी अनुवादों के माध्यम से विश्व में विशेष ख्याति प्राप्त की है।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रमुख अनुवादिका कमला शतपथी ने अनुवाद के माध्यम से ओडिया साहित्य के प्रसार पर जोर दिया। सम्मानित अतिथि प्रोफेसर डॉ. दिनमणि भीम ने कहा कि समृद्ध ओडिया साहित्य के व्यापक प्रसार के लिए अंग्रेजी में अनुवाद अनिवार्य है।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रतीची स्वाईं ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।