मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर प्रशंसकों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के एक के बाद एक रहस्यमयी सोशल मीडिया पोस्ट ने इस चर्चा को और तेज कर दिया है। उनके नए पोस्ट के शब्द ‘Time For The World’ ने फैंस के बीच फिल्म से जुड़े किसी बड़े ऐलान की अटकलों को हवा दे दी है।

दरअसल, सिद्धार्थ आनंद ने इससे पहले आधी रात को सिर्फ एक शब्द ‘It’s’ लिखकर पोस्ट किया था। उस पोस्ट के बाद से ही प्रशंसक यह कयास लगा रहे थे कि निर्देशक जल्द ही फिल्म ‘किंग’ से जुड़ी कोई खास जानकारी साझा कर सकते हैं। अब उनके नए संदेश ‘Time For The World’ ने इन चर्चाओं को और बढ़ा दिया है।

खास बात यह है कि शाहरुख खान का जन्मदिन 2 नवंबर को है। ऐसे में प्रशंसकों को उम्मीद है कि उनके जन्मदिन के मौके पर फिल्म ‘किंग’ से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है। हालांकि, सिद्धार्थ आनंद ने अभी तक अपने पोस्ट का स्पष्ट अर्थ नहीं बताया है और न ही किसी आधिकारिक घोषणा की पुष्टि की है।

दोनों पोस्ट के आपस में जुड़े होने की संभावना को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा जारी है। अब सभी की निगाहें सिद्धार्थ आनंद और शाहरुख खान की ओर हैं। प्रशंसकों को इंतजार है कि ‘किंग’ को लेकर यह रहस्य कब खुलेगा और उन्हें फिल्म की पहली झलक या कोई नई जानकारी कब देखने को मिलेगी।