Menu
Select Language
EN
HI

नाग पंचमी पर धाकलेश्वर महादेव मंदिर में होगी नाग-नागिन पूजा

रवीन्द्र मिश्रा

Aug 14, 2026 • 66 Views

नाग पंचमी पर धाकलेश्वर महादेव मंदिर में होगी नाग-नागिन पूजा

नाग पंचमी पर धाकलेश्वर महादेव मंदिर में होगी नाग-नागिन पूजा

रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

मुंबई। नाग पंचमी के अवसर पर महालक्ष्मी स्थित धाकलेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार, 17 अगस्त को विशेष नाग पंचमी पूजा का आयोजन किया जाएगा। मंदिर में श्रद्धालु नाग-नागिन की पूजा कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

मंदिर के पुजारी पंडित गजेन्द्र गौतम ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जिन जातकों की कुंडली में राहु-केतु दोष या कालसर्प योग हो, वे नाग-नागिन पूजा करते हैं। नाग पंचमी के दिन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने से जीवन की बाधाएं दूर होने तथा परिवार में सुख-समृद्धि आने की मान्यता है।

पंडित गौतम ने बताया कि समुद्र मंथन से निकले हलाहल विष को भगवान शिव ने लोक कल्याण के लिए अपने कंठ में धारण किया था। विष की गर्मी शांत करने के लिए उन्होंने चंद्रमा और गंगा को धारण किया तथा बाद में नाग को अपने गले में धारण किया। इसी धार्मिक परंपरा के कारण नाग पूजा का विशेष महत्व माना जाता है।

देश के विभिन्न हिस्सों में नाग पंचमी अलग-अलग तरीके से मनाई जाती है। कहीं घर के दरवाजे पर नाग के चित्र बनाकर दूध व धान का लावा अर्पित किया जाता है तो कहीं खेतों में स्थित नाग देवता की बांबी की पूजा की जाती है।

धार्मिक मान्यता के अनुसार नाग पंचमी पर नाग पूजा करने से गृह क्लेश दूर होने, सौभाग्य बढ़ने, सुख-समृद्धि आने तथा विवाह संबंधी बाधाएं दूर होने की कामना की जाती है।

शिव भक्त दत्ता कोठावले ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार मनसा देवी की उपासना भी नाग पंचमी पर विशेष फलदायी मानी जाती है। श्रद्धालु श्रद्धा से मां मनसा देवी का स्मरण कर “ॐ मनसादेव्यै नमः” का 11 बार जाप कर सकते हैं।

Discussion