प्रयागराज। प्रयागराज से मेजा रोड होते हुए कोरांव और हनुमना रूट पर चलने वाली निजी बसों के संचालन को लेकर यात्रियों ने मनमानी और अवैध किराया वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्रियों का आरोप है कि बस क्रमांक UP 70 / 2680के संचालक मांडा रोड, जिगना, गैपुरा और मीरजापुर जाने की बात कहकर अनजान यात्रियों को बस में बैठाते हैं, लेकिन मेजा रोड पहुंचने के बाद बस खड़ी कर यात्रियों से जबरन किराया वसूलते हैं और उन्हें दूसरी बस से जाने के लिए कह देते हैं।
यात्रियों के मुताबिक, विरोध करने पर बस संचालकों की ओर से कथित तौर पर कहा जाता है कि दूसरी बस आएगी, उसमें चले जाना। जब यात्री इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं तो उन्हें जवाब दिया जाता है कि जहां शिकायत करनी हो कर दीजिए, हमारा तो यही रोज का काम है।
यात्रियों का कहना है कि इस तरह की मनमानी के कारण उन्हें बीच रास्ते में उतरकर दूसरी बस पकड़नी पड़ती है। इससे उन्हें अतिरिक्त किराया देना पड़ता है और मंजिल तक पहुंचने में अनावश्यक समय भी बर्बाद होता है। खासकर दूसरे क्षेत्रों से आने वाले अनजान यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने का भरोसा देकर बीच रास्ते में उतार देना उनके लिए परेशानी का कारण बन रहा है।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि कथित मिलीभगत और रिश्वतखोरी के चलते बस संचालकों के हौसले बुलंद हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यात्रियों ने परिवहन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जांच कराने तथा संबंधित बस संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के नाम पर गुमराह करने और बीच रास्ते में अतिरिक्त किराया वसूलने की व्यवस्था पर रोक लगनी चाहिए, ताकि आम यात्रियों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।