करारिया चौराहा पुलिस ने महिला की हत्या का किया खुलासा, पति गिरफ्तार
भैयालाल धाकड़/संवाददाता
विदिशा: करारिया चौराहा थाना पुलिस ने महिला की संदिग्ध मृत्यु के मामले का खुलासा करते हुए उसके पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला की मृत्यु के बाद पुलिस, ग्राम चौकीदार और परिजनों को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार किए जाने से पुलिस को संदेह हुआ था। मर्ग जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को चौकी कागपुर में जनपद सदस्य प्रतिनिधि सुनील खटीक ने सूचना दी कि ग्राम कागपुर निवासी नीलम बेड़नी पति नर्मदाप्रसाद उर्फ नब्बा अहिरवार (40 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई है। बताया गया कि महिला की मृत्यु के बाद उसके पति ने पुलिस, ग्राम चौकीदार एवं परिजनों को बिना सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक, मृतिका को 30 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे तक गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में स्वस्थ देखा गया था। वहीं, उसके पति ने बताया था कि मोटरसाइकिल के टर्निंग पर गिरने से सिर में चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हुई। ग्रामीणों ने पति-पत्नी के बीच विवाद होने की जानकारी भी पुलिस को दी। परिस्थितियां संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने मर्ग क्रमांक 57/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की।
जांच के दौरान सूचनाकर्ता, घटनास्थल के आसपास रहने वाले व्यक्तियों एवं अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए। जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर थाना करारिया चौराहा में अपराध क्रमांक 308/26 धारा 103(1), 238(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तलाश और पतारसी की। पुलिस ने 8 नवंबर 2026 को आरोपी नव्वा उर्फ नर्मदा अहिरवार पिता तोरन सिंह (45 वर्ष), निवासी ग्राम कागपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सीमा राय, सउनि बी.एस. परमार, प्रधान आरक्षक कृष्णानंद राय, अजय गर्ग, सुमित सराठे, अमित मिश्रा तथा आरक्षक पंकज त्यागी, रामसरन यादव एवं मनोज शाक्य की सराहनीय भूमिका रही।