एस. के. शुक्ल
पालघर। नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका जल्द समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित जनता दरबार में महाराष्ट्र के वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी कार्यालय स्थित लोकशाहीर आत्माराम पाटील जिला नियोजन समिति सभागार में आयोजित इस जनता दरबार में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 1,058 आवेदन प्राप्त हुए।
जनता दरबार में विधायक राजेंद्र गावित, विधायक हरिश्चंद्र भोये, जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश निकम, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे, उपजिलाधिकारी (सामान्य प्रशासन) रणजीत देसाई सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी और नागरिक उपस्थित थे।
जनता दरबार में राजस्व, जलापूर्ति, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी शिकायतों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े मुद्दे उठाए गए। पालकमंत्री गणेश नाईक ने प्रत्येक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पालकमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मंत्रालय के चक्कर लगाने की नौबत नहीं आनी चाहिए। नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर ही होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र निपटारा किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है और हर मामले को संवेदनशीलता के साथ संभाला जाना चाहिए।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे पालकमंत्री के सामने रखीं। कई मामलों में तत्काल निर्णय लिए जाने से नागरिकों ने संतोष व्यक्त किया। इसके साथ ही नागरिकों की शिकायतों का तेज और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश भी दिए गए।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.