भागीरथ सिन्हा/
नई दिल्ली। विश्व आरोग्य संवर्धन संस्थान की साहित्यिक इकाई ‘काव्य सुगंधा’ के तत्वावधान में रविवार, 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय कवि सम्मेलन एवं साहित्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। नई दिल्ली स्थित प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकार और कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे।
‘एक शाम... कविता के नाम’ विषय पर आयोजित इस काव्य संध्या में गीत, गजल, हास्य-व्यंग्य, ओज और शृंगार रस की रचनाओं के माध्यम से साहित्य के विविध रंग देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य हिंदी साहित्य के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाना, उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और कवियों एवं लेखकों को अपनी रचनाएं प्रस्तुत करने के लिए एक मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही साहित्य के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक संवेदनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
संस्थान के प्रबंध निदेशक प्रदीप मिश्र ‘अजनबी’ और निदेशक आशा मिश्रा ने साहित्य प्रेमियों, कवियों, लेखकों, बुद्धिजीवियों तथा भारतीय संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि कविता केवल भावनाओं की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की संवेदनाओं, विचारों और संस्कारों को सामने लाने का सशक्त माध्यम भी है। साहित्यिक आयोजन लोगों को सकारात्मक चिंतन के लिए प्रेरित करते हैं और समाज में सांस्कृतिक चेतना को मजबूत बनाने में योगदान देते हैं।
आयोजकों को उम्मीद है कि राष्ट्रीय कवि सम्मेलन और साहित्य सम्मान समारोह के माध्यम से साहित्यकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा साहित्य प्रेमियों को विविध काव्य विधाओं का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में शामिल होने और अन्य जानकारी प्राप्त करने के लिए मोबाइल नंबर 8178385622 और 9560688944 पर संपर्क किया जा सकता है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.