एस. के. शुक्ल
पालघर। प्राकृतिक आपदाओं के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे किसानों को कर्ज के बोझ से राहत दिलाने के लिए चलाई जा रही पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना 2026 के तहत पालघर जिले के लाभार्थियों की चौथी सूची जारी कर दी गई है। अब तक चार सूचियों के माध्यम से कुल 8,310 पात्र किसानों को लगभग 47 करोड़ 37 लाख रुपये का लाभ वितरित किया गया है।
महाराष्ट्र में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत देने के उद्देश्य से इस योजना की घोषणा की गई थी। इसके तहत 30 सितंबर 2025 तक फसल ऋण बकाया रखने वाले और 31 मार्च 2026 तक कर्ज का भुगतान नहीं कर पाने वाले पात्र किसानों को दो लाख रुपये तक की कर्जमाफी देने का प्रावधान है। वहीं, कर्ज लेकर नियमित रूप से भुगतान करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए 50 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
पालघर जिले में इससे पहले 10,444 किसानों की पहली सूची, 479 पात्र किसानों की दूसरी सूची और 206 पात्र किसानों की तीसरी सूची जारी की गई थी। इसके बाद 22 अक्टूबर 2026 को 1,191 पात्र किसानों की चौथी सूची घोषित की गई।
चारों सूचियों में कुल 12,351 पात्र किसानों को शामिल किया गया है। इनमें से आधार प्रमाणीकरण पूरा करने वाले किसानों को योजना का लाभ वितरित किया गया है। पहली सूची के 5,169 किसानों को 29 करोड़ 20 लाख 43 हजार रुपये, दूसरी सूची के 2,615 किसानों को 14 करोड़ 81 लाख 71 हजार 224 रुपये तथा तीसरी सूची के 526 किसानों को 3 करोड़ 35 लाख रुपये वितरित किए गए हैं।
जिले में जारी चारों सूचियों में शामिल 12,351 पात्र किसानों में से 10,028 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, जबकि 2,323 किसानों का प्रमाणीकरण अभी लंबित है।
संबंधित किसानों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपना आधार प्रमाणीकरण पूरा करें, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके। इसके लिए किसान अपने नजदीकी ‘आपले सरकार’ सेवा केंद्र, जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की शाखा अथवा संबंधित बैंक से संपर्क कर सकते हैं। यह अपील जिला उपनिबंधक किशन रत्नाले ने की है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.