शिक्षिका भारती कंथारे राज्यस्तरीय आदर्श शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित

सूर्यप्रकाश दुबे / संवाददाता

मुंबई: साकीनाका के मोहिली विलेज स्थित मनपा गुजराती स्कूल की शिक्षिका भारती कंथारे को शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने पर राज्यस्तरीय आदर्श शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।

अस्पायर फाउंडेशन की ओर से गत दिनों नासिक के नांदूर नाका क्षेत्र स्थित संजीवनी बैंक्वेट हॉल में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर भारती कंथारे को शॉल, श्रीफल और सम्मानचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

भारती कंथारे ने अपनी शैक्षणिक सेवा के 30 वर्ष और 3 महीने पूरे कर लिए हैं। अपने लंबे शैक्षणिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की पढ़ाई में प्रगति के साथ-साथ उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया।

शिक्षा के प्रति समर्पण, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित राज्यस्तरीय सम्मान के लिए चुना गया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।