विदिशा में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 3,200 लीटर लहान नष्ट, 40 लीटर कच्ची शराब जब्त

भैयालाल धाकड़ / संवाददाता विदिशा

विदिशा। पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका तिवारी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में 4 नवंबर 2026 को थाना देहात गंजबासौदा पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कंजर टपरा में दबिश दी। एसडीओपी गंजबासौदा श्रीमती शिखा भलावी एवं आबकारी विभाग की एसडीओपी श्रीमती साधना पटेल के नेतृत्व में सुबह करीब 8 बजे यह कार्रवाई की गई।

संयुक्त टीम द्वारा थाना देहात गंजबासौदा के आबकारी अधिनियम से संबंधित प्रकरणों में फरार आरोपियों की तलाश एवं पतारसी की गई, लेकिन आरोपी मौके पर नहीं मिले। इस दौरान मौके पर अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया करीब 3,200 लीटर लहान बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये बताई गई। टीम ने लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

इसके अलावा मौके से करीब 40 लीटर कच्ची देशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये है। कच्ची शराब के संबंध में आबकारी विभाग द्वारा वैधानिक कार्रवाई की गई।

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी थाना देहात गंजबासौदा उपनिरीक्षक जय कुमार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक मनोज तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक सियाराम गौंड, आरक्षक रामनिवास मीना, आरक्षक राकेश जाटव तथा आबकारी विभाग के उपनिरीक्षक रविशंकर, उपनिरीक्षक संजय इबने एवं उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र ठाकुर सहित पुलिस और आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विदिशा पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार संयुक्त कार्रवाई की जा रही है।