आरपीएफ अंधेरी ने यात्री को लौटाया 3.57 लाख रुपये का लैपटॉप और सामान
शिवकुमार शुक्ल / वरिष्ठ सवाददाता
अंधेरी। दीपावली पर्व के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) अंधेरी के जवानों ने सराहनीय कार्य करते हुए एक यात्री को उसका खोया हुआ लैपटॉप और बैग सुरक्षित वापस सौंप दिया। बैग में लैपटॉप सहित अन्य सामान की कुल कीमत 3,57,139 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को अंधेरी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर ड्यूटी के दौरान ड्यूटी ऑफिसर एएसआई ललित कुमार त्रिपाठी तथा एमएसएफ कर्मियों ज्ञानेश्वर और अनिल को एक लावारिस बैग मिला। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। सुरक्षा की दृष्टि से बैग की जांच की गई, जिसमें कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद बैग को आरपीएफ पोस्ट अंधेरी लाया गया।
कुछ समय बाद सुशांत तुकाराम नानुस्कर (41), निवासी ओवरसीज सिटी, वसई, जिला पालघर, अपना लैपटॉप गुम होने की जानकारी देते हुए आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह अंधेरी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 से वसई जाने के लिए ट्रेन पकड़ रहे थे। ट्रेन चलने के दौरान भीड़ और जल्दबाजी के कारण बेंच पर रखा उनका लैपटॉप वाला बैग छूट गया। इसकी जानकारी मिलने पर वह बोरीवली से वापस अंधेरी आए और स्टेशन मास्टर कार्यालय में पूछताछ करने के बाद आरपीएफ पोस्ट पहुंचे।
आरपीएफ कर्मियों ने यात्री को बैग दिखाया, जिसे उन्होंने अपना बताया। बैग की सामग्री का सत्यापन करने पर उसमें आसुस कंपनी का लैपटॉप और अन्य सामान मिला। कुल 3,57,139 रुपये मूल्य के सामान की पहचान सुनिश्चित करने के बाद उसे सही-सलामत यात्री को सौंप दिया गया।
अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर यात्री ने आरपीएफ अंधेरी के जवानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके कार्य की सराहना की।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.