भैयालाल धाकड़/संवाददाता विदिशा
भोपाल। भारतीय साहित्य एवं कला परिषद की ओर से संस्था अध्यक्ष बिहारीलाल सोनी 'अनुज' के आवास पर उनके माता-पिता स्व. बाबूलाल सोनी एवं स्व. श्रीमती लीला देवी सोनी की स्मृति में 37वें विशेष वार्षिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। दो सत्रों में आयोजित इस साहित्यिक समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 80 कवियों एवं रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र की अध्यक्षता बैंकर्स साहित्य एवं कला परिषद के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार गोकुल सोनी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में रामायण शोध केंद्र के निदेशक एवं तीर्थ एवं मेला विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. राजेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ गीतकार विमल भंडारी ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभा द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद बिहारीलाल सोनी ने स्वागत उद्बोधन दिया। अध्यक्षीय उद्बोधन में अरुण सोनी ने कहा कि आज के पारिवारिक विखंडन के दौर में इस तरह के आयोजन माता-पिता की स्मृतियों को सदैव जीवित रखने के साथ समाज को प्रेरणा भी देते हैं। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर विदिशा के कवि लायन अरुण कुमार सोनी ने अपनी गजल की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी पंक्तियां 'दिल-ए-नादाँ पे हम अपना मलाल-ए-यार लिखते हैं, उदासी में भी हम अपना खुशी से हाल लिखते हैं' ने श्रोताओं की खूब सराहना बटोरी। कालापीपल से आए कवि राकेश कुमार सोनी 'बिंदास' ने अपनी रचना 'सुखनबरों की सोहबत में निखर रहा हूं' प्रस्तुत की।
इसके अलावा अनिशा जैन, डॉ. अमित मालवीय हर्ष, कमलेश नूर, दिनेश गुप्ता 'मकरंद', उमेश तिवारी 'आरोही', अशोक गौतम 'घायल', राममोहन चौकसे, रामकुमार सोनी 'राही', अशोक निर्मल, हरिओम श्रीवास्तव, महेश अग्रवाल, किशन तिवारी, सत्यदेव सोनी, डॉ. प्रमोद सक्सेना 'पुष्कर', प्रदीप मोहबे, शिवकुमार दीवान और चंद्रभान सिंह पवार 'चंदर' सहित अनेक कवियों ने काव्य पाठ किया। वहीं 'लाफ्टर चैलेंज' फेम ओ.पी. द्विवेदी ने हास्य-व्यंग्य की क्षणिकाओं और मिमिक्री से उपस्थित लोगों को खूब हंसाया।
द्वितीय सत्र की अध्यक्षता हिन्दी भवन के उप मंत्री संचालक डॉ. संजय सक्सेना ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मनासा के वरिष्ठ कवि भेरूंलाल सुनार मंचासीन रहे। इस सत्र का संचालन कवि सत्यदेव सोनी 'सत्य' ने किया।
दूसरे सत्र में तुलसी साहित्य अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहन तिवारी 'आनंद', सुरेश पटवा, डॉ. राजेश तिवारी, अशोक धमैनिया, वी.के. श्रीवास्तव, श्रीराम माहेश्वरी, होशियार सिंह पटेल, हरिओम श्रीवास्तव, कविता सिरोले, अशोक व्यास, उमेश तिवारी, सुषमा अनिल श्रीवास्तव, प्रतिभा द्विवेदी, प्रमिला झरबडे, क्षमा निमौरे, रामकिशोर श्रीवास्तव 'रवि', डॉ. रमेश भूमरकर, प्रवीण शर्मा, भंवरलाल श्रीवास, कैलाश श्रीवास्तव 'आदमी', चन्द्रहास शुक्ल और डॉ. अशोक व्यास सहित अनेक रचनाकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों एवं परिजनों की उपस्थिति रही। देर रात तक चले इस आयोजन में लगभग 80 कवियों ने अपनी रचनाओं को शानदार एवं सुरीले अंदाज में प्रस्तुत किया। कवि बिहारीलाल सोनी 'अनुज' के इस आयोजन की उपस्थित लोगों ने सराहना की। अंत में वरिष्ठ पत्रकार राममोहन चौकसे ने सभी अतिथियों, कवियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.