सैय्यद जाहिद अली रियासत
मुंबई। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के 70वें महापरिनिर्वाण दिवस की तैयारियों को लेकर गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिडे की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव ने आंबेडकरी अनुयायियों की सुविधाओं और नागरिक समस्याओं से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दे उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
भालेराव ने पहली मांग सायन स्थित लोकमान्य तिलक महानगरपालिका अस्पताल के गेट नंबर 7 के पास डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक में उनकी अर्धप्रतिमा स्थापित करने के प्रस्ताव को लेकर रखी। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त की जाएं और 6 दिसंबर 2026 से पहले प्रतिमा स्थापना का प्रस्ताव पूरा किया जाए।
दूसरी मांग में उन्होंने सायन-धारावी, धोबी तलाव और माटुंगा लेबर कैंप के रेलवे तथा पैदल पुलों के प्रस्तावित नवीनीकरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सायन रेलवे फ्लाईओवर के पुनर्निर्माण के कारण नागरिकों को लगभग तीन वर्षों तक यातायात जाम और आवागमन की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में अन्य पुलों को बंद करने से पहले नागरिकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने नवीनीकरण कार्य चरणबद्ध तरीके से और निश्चित समय सीमा में पूरा करने की मांग की।
तीसरी मांग महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर अनुयायियों के ठहरने के लिए खोले जाने वाले मैदानों और उद्यानों में अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था करने की रही। भालेराव ने कहा कि देशभर से लाखों अनुयायी मुंबई पहुंचते हैं। ऐसे में मैदानों में पर्याप्त मोबाइल शौचालय, जलापूर्ति, रोशनी, नियमित सफाई तथा महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके लिए 24 घंटे सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति की भी मांग की गई।
दादर मेट्रो स्टेशन का नाम 'चैत्यभूमि दादर मेट्रो स्टेशन' रखने का प्रस्ताव
बैठक में महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अश्विनी भिडे ने बताया कि दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'चैत्यभूमि दादर मेट्रो स्टेशन' रखने के प्रस्ताव को मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के बोर्ड ने मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव आगे की स्वीकृति के लिए महाराष्ट्र शासन को भेजा गया है। इस प्रस्ताव के लिए महेंद्र साळवे द्वारा पिछले कई महीनों से प्रयास किए जा रहे थे।
महेंद्र साळवे ने महानगरपालिका प्रशासन से 1 दिसंबर से 6 दिसंबर तक अनुयायियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा इस दौरान सड़कों की खुदाई नहीं करने और पानी की आपूर्ति कम या बंद नहीं करने की मांग भी की।
नागरिक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में चैत्यभूमि, शिवाजी पार्क और दादर परिसर में स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं, एम्बुलेंस, आश्रय, भोजन व्यवस्था, विद्युत रोशनी, सीसीटीवी, एलईडी स्क्रीन, समुद्र तट पर सुरक्षा, जीवनरक्षक, सूचना केंद्र और दिशासूचक बोर्ड जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा आंबेडकरी साहित्य के पुस्तक स्टॉल बढ़ाने, ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था करने और 5 व 6 दिसंबर को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन एवं कार्यों पर आधारित भव्य ड्रोन शो आयोजित करने की मांग भी रखी गई।
वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती प्राजक्ता लवंगारे, उपायुक्त प्रशांत सपकाळे, प्रशांत गायकवाड़, किरण दिघावकर, जी/उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त योगेश देसाई सहित माहीम विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त रविंद्र आडाने, दादर विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त प्रवीण तेजाले, कुर्ला विभाग के सहायक पुलिस आयुक्त रविदत्त सावंत और शिवाजी पार्क पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद पवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
इसके अलावा नगरसेवक अनिल लक्ष्मण कदम, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिन समन्वय समिति के उपाध्यक्ष महेंद्र साळवे, रिपब्लिकन पक्ष के मुंबई अध्यक्ष सिद्धार्थ कासारे, सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव, विश्वशांति संस्था के प्रतीक राव कांबले, समिति के महासचिव नागसेन कांबले, प्रसंगीत कांबले, मजदूर नेता रमेश जाधव, रवि गरुड़, सुशांत रुके सहित विभिन्न सामाजिक और आंबेडकरी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
संजय रमेश भालेराव ने राज्य शासन, मुंबई महानगरपालिका, रेलवे प्रशासन और संबंधित विभागों से नागरिकों के हित में लंबित मुद्दों पर तत्काल निर्णय लेने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से सायन अस्पताल के पास आंबेडकर प्रतिमा की स्थापना, पुलों के नवीनीकरण से पहले वैकल्पिक व्यवस्था और मैदानों में अस्थायी शौचालयों की सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.