बाहरी दीपों के साथ अंतर्मन में भी जलाएं ज्ञान का दीप: ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी
भैयालाल धाकड़ / संवाददाता
विदिशा: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के चर्च वाली गली, बरेठ रोड स्थित सेवा केंद्र की ओर से दीपावली के पावन अवसर पर दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक ज्ञान, आत्मचिंतन, जीवन में सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों को अपनाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर एसडीओपी शिखा भलावी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी रुक्मणी दीदी ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का प्रतीक है। जिस प्रकार अंधकार में मनुष्य रास्ता भटक जाता है, उसी प्रकार अज्ञानता के कारण वह दुख, भय और चिंता में उलझा रहता है। इस अज्ञान रूपी अंधकार को सत्य ज्ञान का प्रकाश ही दूर कर सकता है। जब आत्मा में ज्ञान का दीप प्रज्वलित होता है, तभी जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आगमन होता है।
ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने दीपावली के आध्यात्मिक रहस्य को समझाते हुए कहा कि मिट्टी का साधारण दीपक तेल और बाती के साथ प्रज्वलित होकर पूजनीय बन जाता है। इसी प्रकार मानव शरीर भी मिट्टी के दीपक के समान है। इसमें आत्मा रूपी ज्योति विद्यमान रहती है और ज्ञान रूपी घृत से प्रकाशित होकर मनुष्य अपने श्रेष्ठ कर्मों एवं दिव्य गुणों के माध्यम से जीवन को सार्थक बना सकता है। उन्होंने कहा कि दीपावली आत्मा की ज्योति को ज्ञान से प्रकाशित कर जीवन को श्रेष्ठ और पूजनीय बनाने का संदेश देती है।
दीपावली से जुड़े धार्मिक प्रतीकों का आध्यात्मिक अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि अमावस्या कलियुग के अज्ञान और अंधकार का प्रतीक है, जबकि प्रकाशमय रात्रि सतयुग की स्वर्णिम दुनिया का संदेश देती है। श्री लक्ष्मी जी का पूजन श्रेष्ठ लक्षणों को धारण कर देवपद प्राप्त करने की यादगार है। पूजा में रखा बड़ा दीपक दीपराज परमात्मा शिव की यादगार है, जिनके ज्ञान और शक्ति से अन्य आत्माओं के जीवन में भी प्रकाश आता है।
उन्होंने बताया कि दीपावली पर नए वस्त्र धारण करना नए सतयुगी संस्कार अपनाने का प्रतीक है। नए बही खाते खोलना पुराने विकर्मों और कर्मबंधन को समाप्त कर श्रेष्ठ कर्मों की शुरुआत करने का संदेश देता है। दीपदान दूसरों को ज्ञान के माध्यम से ईश्वरीय मार्ग दिखाने का प्रतीक है, जबकि आतिशबाजी पुरानी आसुरी प्रवृत्तियों के विनाश का संदेश देती है।
रेखा दीदी ने कहा कि जिस प्रकार दीपावली पर घर के कोने-कोने की सफाई की जाती है, उसी प्रकार मनुष्य को अपने अंतर्मन को भी स्वच्छ बनाना चाहिए। ईर्ष्या, द्वेष, घृणा, अहंकार और विकारों को समाप्त करके ही स्वच्छ, पवित्र और श्रेष्ठ समाज का निर्माण किया जा सकता है। पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कारों से युक्त जीवन में ही वास्तविक समृद्धि का आगमन होता है।
कार्यक्रम में उपस्थित एसडीओपी शिखा भलावी ने दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था के ऐसे कार्यक्रम नई ऊर्जा, नई चेतना और कार्य करने की नई क्षमता प्रदान करते हैं। आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी आयोजन समाज में सकारात्मकता का संचार करते हैं। उन्होंने संस्था के प्रयासों की सराहना की।
समारोह में संस्था से जुड़े छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। स्वाति राणा, अक्षिता, शिवांगी, अयाना, अनन्या एवं सनातन ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का समापन दीपावली की शुभकामनाओं तथा आपसी स्नेह, सद्भाव और आध्यात्मिक जागृति के संकल्प के साथ हुआ।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.