वसई। स्थानीय क्षेत्र पश्चिम के विशाल नगर में जय हिन्द खादी भंडार के संचालक ददन सिंह के बड़े पुत्र किशन सिंह का जन्मदिन शनिवार को सामाजिक सरोकार से जुड़े अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों को चॉकलेट के साथ तिरंगा ध्वज के बैज वितरित किए गए। बच्चों ने उत्साह के साथ बैज लगाकर देशभक्ति का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के माहौल को देखते हुए आयोजन के दौरान बच्चों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने का प्रयास किया गया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार शिवशंकर शुक्ल ने किशन सिंह को तिरंगा पट्टा पहनाकर जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों को सामाजिक सरोकार से जोड़कर मनाना समाज में सकारात्मक संदेश देता है। बच्चों के बीच देशभक्ति से जुड़ी सामग्री का वितरण उन्हें राष्ट्रीय पर्व और राष्ट्रध्वज के महत्व से जोड़ने का अच्छा माध्यम है।
इस मौके पर मौजूद लोगों ने किशन सिंह के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। चॉकलेट और तिरंगा बैज पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आयोजन के माध्यम से जन्मदिन को यादगार बनाने के साथ स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में सहभागिता का संदेश भी दिया गया।
संवाददाता: राजेश जायसवाल
स्थान: वसई
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.