नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के शुभारंभ पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी छठ व्रतियों को नमन करते हुए छठी मैया से देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा, "लोक आस्था और सूर्य उपासना के चार दिवसीय पावन अनुष्ठान महापर्व छठ के शुभारंभ पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आज नहाय-खाय है। सभी व्रतियों को मेरा नमन। सबको छठी मइया का आशीर्वाद मिले, यही कामना है।"

छठ महापर्व सूर्य उपासना और लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस पवित्र अनुष्ठान में श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ सूर्यदेव एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। प्रधानमंत्री के इस संदेश के माध्यम से उन्होंने देशभर के व्रतियों और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।