नवापुर-काठेपाडा तटबंध का काम जल्द शुरू कराने की पहल, विधायक से मिले प्रथमेश बांदेकर

S

SKShukla

Oct 09, 2026 • 73 Views

नवापुर-काठेपाडा तटबंध का काम जल्द शुरू कराने की पहल, विधायक से मिले प्रथमेश बांदेकर

राजेश दीनानाथ जायसवाल/ 

वसई। तालुका के नवापुर-काठेपाडा तट पर सुरक्षा तटबंध का निर्माण लंबे समय से रुका हुआ है। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर शिवसेना के वसई विधानसभा संघटक प्रथमेश प्रशांत बांदेकर ने विधायक स्नेहा दुबे पंडित से उनके जनसंपर्क कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने नए सिरे से निविदा प्रक्रिया कराकर काम शुरू कराने का आश्वासन दिया।

समुद्र में ज्वार-भाटा के कारण नवापुर-काठेपाडा क्षेत्र में जमीन का कटाव हो रहा है। इससे तटीय क्षेत्र और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। इस समस्या से बचाव के लिए सरकार ने तटबंध निर्माण को मंजूरी दी थी, लेकिन तकनीकी रिपोर्ट में स्थान के नाम की गलती के कारण परियोजना की तटीय नियमन क्षेत्र संबंधी मंजूरी की प्रक्रिया अटक गई। इसके चलते निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका।

प्रथमेश बांदेकर ने संबंधित दस्तावेजों के साथ यह मामला विधायक के सामने रखा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर तकनीकी खामियों को दूर करने और नए सिरे से निविदा प्रक्रिया के माध्यम से काम शुरू कराने का भरोसा दिया। उन्होंने बांदेकर से आवश्यक दस्तावेज और विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराने को कहा।

प्रथमेश बांदेकर ने कहा कि प्रशासनिक गलतियों का खामियाजा आम नागरिकों को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि विधायक के आश्वासन के बाद तटबंध निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं होता, तब तक इस मामले में लगातार फॉलोअप जारी रहेगा।

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.