Home /

जनजातीय भाषाओं को डिजिटल पहचान देगा 'आदि वाणी', 35 हजार से अधिक डाउनलोड

N

News Desk S K Shukla

Nov 15, 2026 • 12 Views

जनजातीय भाषाओं को डिजिटल पहचान देगा 'आदि वाणी', 35 हजार से अधिक डाउनलोड

 

नई दिल्ली, 15 नवंबर। देश की जनजातीय भाषाओं, संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान को डिजिटल युग में संरक्षित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार का 'आदि वाणी' प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है। जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से विकसित यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित प्लेटफॉर्म जनजातीय भाषाओं के अनुवाद, दस्तावेजीकरण और प्रचार-प्रसार को आसान बना रहा है। 15 अक्टूबर 2026 तक इस प्लेटफॉर्म पर नौ जनजातीय भाषाओं में टेक्स्ट अनुवाद की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है और इसके एंड्रॉइड एप्लिकेशन को 35 हजार से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।

आदि वाणी का उद्देश्य भाषाई बाधाओं को दूर कर जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, सरकारी योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं से जोड़ना है। इसके माध्यम से जनजातीय भाषाओं की मौखिक परंपराओं, लोककथाओं, गीतों और पारंपरिक ज्ञान को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखने का भी प्रयास किया जा रहा है।

आईआईटी दिल्ली के नेतृत्व में हुआ विकास

आदि वाणी प्लेटफॉर्म की शुरुआत जनजातीय कार्य मंत्रालय ने 1 सितंबर 2025 को की थी। इसे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय संस्थानों के समूह ने विकसित किया है। इसमें बिट्स पिलानी, आईआईआईटी हैदराबाद, आईआईआईटी नवा रायपुर और झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा मेघालय के जनजातीय अनुसंधान संस्थान भी शामिल हैं। बाद में इस पहल से अन्य राज्यों के संस्थान भी जुड़े।

इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत संथाली, भीली, मुंडारी और गोंडी भाषाओं से हुई थी। धीरे-धीरे इसका विस्तार किया गया और अब यह कुल 13 जनजातीय भाषाओं पर काम कर रहा है। इनमें भीली, मुंडारी, संथाली, गोंडी, गारो, कुई, कॉकबोरोक, बेट्टा कुरुबा, काटकरी, कोया, थाडो कुकी, तांगखुल और चौधरी भाषाएं शामिल हैं।

35 हजार से अधिक डाउनलोड, 6,500 मासिक उपयोगकर्ता

आदि वाणी पर टेक्स्ट अनुवाद के अलावा स्पीच-टू-टेक्स्ट, स्पीच-टू-स्पीच अनुवाद, ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन (ओसीआर) और वीडियो सबटाइटलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके माध्यम से हिंदी और अंग्रेजी जैसी भाषाओं तथा समर्थित जनजातीय भाषाओं के बीच अनुवाद किया जा सकता है।

प्लेटफॉर्म पर 300 से अधिक भाषा प्राइमर्स और 24 शब्दकोशों सहित सीखने के संसाधन भी उपलब्ध हैं। इसके लगभग 6,500 मासिक उपयोगकर्ता हैं। इन सुविधाओं से नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा सीखने और उसका नियमित इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है।

जनजातीय समुदायों की भागीदारी से तैयार हो रहा भाषाई डेटा

इस पहल की खासियत यह है कि इसमें जनजातीय समुदायों को सीधे शामिल किया गया है। मूल भाषी लोग, बुजुर्ग और भाषा विशेषज्ञ शब्दों, वाक्यों तथा आवाज की रिकॉर्डिंग के माध्यम से भाषाई सामग्री उपलब्ध कराते हैं। इसके बाद जनजातीय अनुसंधान संस्थानों और भाषा विशेषज्ञों की ओर से इन सामग्रियों की जांच की जाती है, ताकि एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए प्रमाणित और प्रामाणिक डेटा का उपयोग हो सके।

15 अक्टूबर 2026 तक राज्य स्तरीय जनजातीय अनुसंधान संस्थानों ने लगभग 13.9 लाख लिखित वाक्य और करीब 300 घंटे का स्पीच डेटा उपलब्ध कराया था। प्रत्येक भाषा के लिए लगभग एक लाख वाक्य-युग्म और 100 घंटे की आवाज की रिकॉर्डिंग एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है।

मातृभाषा में शिक्षा को मिलेगा प्रोत्साहन

आदि वाणी का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य जनजातीय बच्चों को उनकी मातृभाषा में शिक्षा से जोड़ना भी है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में जहां तक संभव हो, कम से कम कक्षा पांच तक और बेहतर स्थिति में कक्षा आठ या उससे आगे तक मातृभाषा, घरेलू भाषा अथवा स्थानीय भाषा में शिक्षा देने पर जोर दिया गया है।

इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध 300 से अधिक भाषा प्राइमर्स और अन्य शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग 525 से अधिक एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में किए जाने की संभावना है। इन विद्यालयों में 1.7 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन संसाधनों से बहुभाषी शिक्षा को बढ़ावा मिलने और विद्यार्थियों को अपनी भाषाई विरासत से जोड़े रखने में मदद मिल सकती है।

स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों में भी उपयोगी

आदि वाणी का इस्तेमाल केवल भाषा अनुवाद तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता सामग्री को भी जनजातीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें सिकल सेल रोग से संबंधित जागरूकता सामग्री भी शामिल है। इससे जनजातीय बहुल क्षेत्रों में बीमारी, जांच और बचाव से जुड़ी जानकारी स्थानीय भाषाओं में पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

इसके अलावा जनजातीय उद्यमियों को बाजार संबंधी जानकारी, डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं को समझने में भी यह प्लेटफॉर्म सहायक बन सकता है। देश के 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 4,712 वन धन विकास केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनसे 12.94 लाख लाभार्थी जुड़े हैं। वहीं ट्राइब्स इंडिया और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स जैसे डिजिटल मंचों से जनजातीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

राष्ट्रीय जनजातीय भाषा भंडार बनाने की तैयारी

15 अक्टूबर 2026 को जनजातीय भाषाओं पर गठित कार्य समूह की पहली बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने की। बैठक में आदि वाणी को राष्ट्रीय जनजातीय भाषा भंडार के रूप में विकसित करने पर चर्चा हुई।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत जनजातीय भाषाओं के डिजिटल संग्रह, शब्दकोश, शुरुआती पाठ्य सामग्री और सामुदायिक कहानियों को एक साझा मंच पर लाने की योजना है। इसके लिए जनजातीय अनुसंधान संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और भाषा विशेषज्ञों के बीच सहयोग बढ़ाने, जिला स्तर पर सामुदायिक संसाधन समूह बनाने तथा दो वर्ष की कार्ययोजना तैयार करने जैसे प्रस्ताव रखे गए।

इससे पहले 24 अगस्त 2026 को मैसूरु में आयोजित जनजातीय भाषाओं और संग्रहालयों पर राष्ट्रीय सम्मेलन में आदि वाणी का उन्नत संस्करण और आईओएस एप्लिकेशन भी शुरू किया गया था। इस दौरान पांच नई भाषाओं को जोड़ा गया तथा भाषाई दस्तावेजीकरण के लिए केंद्रीय भारतीय भाषा संस्थान के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

जनजातीय विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

2011 की जनगणना के अनुसार भारत में लगभग 10.45 करोड़ अनुसूचित जनजाति के लोग हैं, जो देश की कुल आबादी का करीब 8.6 प्रतिशत हैं। इन समुदायों की भाषाओं में सदियों पुरानी लोककथाएं, गीत, पारंपरिक चिकित्सा, खेती और जैव विविधता से जुड़ा ज्ञान समाहित है।

आदि वाणी के माध्यम से इस भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर यह पहल इस बात को रेखांकित करती है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से देश की भाषाई विविधता को संरक्षित करने के साथ जनजातीय समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक सेवाओं से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सकता है।

 

#

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.