Home /

योग से सशक्त बनकर शिक्षक स्वस्थ जीवन शैली का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे : डॉ जयदीप आर्य

N

News Desk

Oct 29, 2026 • 17 Views

योग से सशक्त बनकर शिक्षक स्वस्थ जीवन शैली का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे : डॉ जयदीप आर्य

 

 

अश्विनी वालिया 

 


 कुरुक्षेत्र  , हरियाणा योग आयोग, शिक्षा विभाग एवं पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में शारीरिक शिक्षकों के लिए 21 अक्टूबर से आयोजित 30 दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन आज हरियाणा योग आयोग के कर्मठ एवं संकल्पित अध्यक्ष डॉ जयदीप आर्य का पदार्पण हुआ । इस शिविर में विभिन्न विद्यालयों के 80 से अधिक शारीरिक शिक्षक योग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं । शिविर के नोडल अधिकारी जय देव आर्य ने बताया कि प्रायोगिक सत्र में शिक्षकों को प्रतिदिन यौगिक सूक्ष्म क्रियाओं, सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, बंध, मुद्राओं व ध्यान साधना का अभ्यास करवाया जा रहा है । साथ ही सैद्धांतिक सत्र में पतंजलि योग दर्शन - अष्टांग योग, यम और नियम, हठयोग प्रदीपिका, श्रीमद् भगवद गीता में योग दर्शन, एबीसी ऑफ योग इत्यादि का अध्ययन भी करवाया जा रहा है ।

उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए हरियाणा योग आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ जयदीप आर्य ने योग के साधक व बाधक तत्व तथा श्रीमद् भगवद गीता और योग विषयों पर शिविर प्रतिभागियों को संबोधित किया । उन्होंने बताया कि इस शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षक स्वयं योग से सशक्त बनकर स्वस्थ जीवन शैली का संदेश विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे जिससे विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक व आध्यात्मिक विकास होगा तथा वे देश के लिए और अधिक उपयोगी नागरिक बन सकेंगे । उन्होंने कहा कि हरियाणा योग आयोग प्रदेश की विभिन्न योग संस्थाओं के सहयोग से योग को घर-घर पहुंचा कर पूरे प्रदेश के वातावरण को योगमय बनाने के लिए कृत संकल्प है । उन्होंने कहा कि आयोग प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थी के लिए योग को अनिवार्य बनाने की योजनाओं पर विचार कर रहा है । युवा जब योग के प्रति आकर्षित होगा तो नशे के प्रति उसका आकर्षण स्वत: कम हो जायेगा । तभी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का योग युक्त नशा मुक्ति हरियाणा का सपना साकार होगा । उन्होंने इस प्रशिक्षण शिविर के आयोजन के लिए डाइट पलवल के अधिकारियों, सभी योग प्रशिक्षकों, व्यवस्थापकों व प्रतिभागियों का धन्यवाद किया ।


हरियाणा योग आयोग के अधिकृत प्रेस प्रवक्ता डॉ गुलशन कुमार ग्रोवर ने बताया कि यह  प्रशिक्षण शिविर दो सत्रों में आयोजित होगा । वर्तमान सत्र 4 नवंबर तक चलेगा । इसके पश्चात 15 दिन का दूसरा सत्र आयोजित किया जाएगा ।


इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ मनीश कुकरेजा, डाइट पलवल इंचार्ज जसविंदर सिंह, नोडल अधिकारी जयदेव आर्य, राजेश कुमार एम टी, संदीप महावीर, योग विशेषज्ञ मनजीत दुल, हरियाणा योग आयोग की क्षेत्रीय समन्वयक डॉ खुशबू सिंह, अभिषेक बोदला, आयुष योग सहायक कर्मवीर व डिंपल इत्यादि उपस्थित रहे ।

#

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.