लायंस इंटरनेशनल ने राजेश रसिकलाल शाह को दिया मिशन 1.5 रॉकस्टार अवार्ड
सैय्यद जाहिद अली रियासत / संवाददाता
मुंबई। सायन स्थित लायंस क्लब ऑफ सायन के पास्ट प्रेसिडेंट राजेश रसिकलाल शाह को सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। उनके नेतृत्व में लायंस क्लब ऑफ सायन की टीम ने पर्यावरण संरक्षण, भूख उन्मूलन, जल संचयन, सौर ऊर्जा, जीवदया, अन्नदान, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण सहित कई क्षेत्रों में मुंबई और मुंबई के बाहर लगभग 1800 परियोजनाएं संचालित कीं। इन प्रयासों से हजारों लोगों को लाभ मिला।
राजेश शाह के नेतृत्व में क्लब के सराहनीय कार्यों के लिए मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट 3231 के कन्वेंशन में उन्हें बेस्ट प्रेसिडेंट ऑफ मल्टीपल अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लायंस क्लब ऑफ सायन को आठ मानदंडों में विजेता पुरस्कार और 21 श्रेणियों में सहभागिता पुरस्कार प्राप्त हुए।
इसके बाद लायंस डिस्ट्रिक्ट 3231ए-1 के पुरस्कार समारोह में लायंस क्लब ऑफ सायन ने बेस्ट क्लब, बेस्ट प्रेसिडेंट, बेस्ट सेक्रेटरी और बेस्ट ट्रेजरर सहित कुल 41 पुरस्कार अपने नाम किए।
लायंस काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से भी क्लब के कार्यों को सराहना मिली। हंगर प्रोजेक्ट के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, झुग्गी-बस्तियों, वृद्धाश्रमों और अस्पतालों में जरूरतमंद लोगों को अनाज और अन्य खाद्य सामग्री वितरित करने के लिए राजेश शाह को हंगर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
राजेश शाह और लायंस क्लब ऑफ सायन के उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए लायंस इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष की थीम मिशन 1.5 के तहत 69 नए सदस्य बनाने के योगदान के लिए हांगकांग कन्वेंशन में राजेश रसिकलाल शाह को मिशन 1.5 रॉकस्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया।
राजेश शाह लायंस क्लब से जुड़कर सामाजिक कार्य करने के साथ-साथ जिओ रोटी घर संस्था के संस्थापक भी हैं। इस संस्था के माध्यम से वे पूरे वर्ष जीवदया और अन्नदान से जुड़े प्रकल्प संचालित करते रहते हैं। उनके इन प्रयासों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.