नामदार राही/ संवाददाता
ठाणे: ठाणे के पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे का मोबाइल नंबर साइबर अपराधियों के निशाने पर आ /गया। मंगलवार शाम उनके व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक के बाद एक करीब 20 अश्लील वीडियो प्रसारित होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त जैसे वरिष्ठ अधिकारी के व्हाट्सऐप अकाउंट पर इस तरह की गतिविधि सामने आने से पुलिस की साइबर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 4 बजकर 46 मिनट पर आशुतोष डुंबरे के व्हाट्सऐप स्टेटस पर अचानक अश्लील वीडियो दिखाई देने लगीं। साइबर अपराधियों ने कुछ ही मिनटों के अंतराल में करीब 20 वीडियो स्टेटस पर अपलोड कर दीं। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर इस पर पड़ते ही उन्होंने तत्काल पुलिस आयुक्त से संपर्क करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अपराध अन्वेषण शाखा और साइबर अपराध अन्वेषण कक्ष के अधिकारियों ने मोर्चा संभालते हुए जांच शुरू कर दी। एक ओर वीडियो लगातार स्टेटस पर दिखाई दे रही थीं, तो दूसरी ओर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उन्हें हटाने तथा अकाउंट पर नियंत्रण पाने के प्रयास में जुटे रहे। आखिरकार शाम करीब 6 बजे पुलिस को सभी अश्लील वीडियो हटाने में सफलता मिली।
पुलिस आयुक्त जैसे वरिष्ठ अधिकारी के मोबाइल नंबर और व्हाट्सऐप अकाउंट के साथ हुई इस घटना ने पुलिस महकमे की साइबर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मोबाइल नंबर वास्तव में किस तरह हैक हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच की जा रही है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.