जगदीश प्रसाद

संवाददाता

मिर्जापुर। नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्रा सोमवार को सेमरी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अपहरण के बाद हत्या के शिकार हुए 11 वर्षीय प्रिंस बिंद के परिजनों से मुलाकात की। विधायक ने मृतक बच्चे के पिता केशव बिंद को सांत्वना देते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि इस जघन्य घटना में शामिल दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बताया जाता है कि बीते सोमवार को केशव बिंद के इकलौते बेटे प्रिंस का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी। आरोपियों ने वारदात को छिपाते हुए बच्चे की रिहाई के बदले परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। बेटे की हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस मामले में केशव बिंद ने पुलिस पर निष्क्रियता बरतने का आरोप भी लगाया है।

इस दौरान नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने कहा कि घटना में जो भी लोग शामिल होंगे, उन्हें कानून के अनुसार सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

मौके पर मंडल अध्यक्ष संतोष पाठक, आलोक बरनवाल, राजकुमार दुबे, राजेंद्र पाठक, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, प्रभाकर और रोहित मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।