नई दिल्ली/सुवा: भारत के रक्षा मंत्रालय के रक्षा मुख्यालय प्रशिक्षण संस्थान (डीएचटीआई) ने फिजी के रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के लिए रक्षा प्रशासन और लोक प्रशासन पर केंद्रित वैश्विक नेतृत्व कार्यक्रम शुरू किया है। चार सप्ताह के इस कार्यक्रम का पहला चरण 16 से 27 नवंबर 2026 तक फिजी की राजधानी सुवा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन फिजी के रक्षा एवं पूर्व सैनिक कल्याण मंत्री पियो टिकोडुआदुआ ने किया।

उद्घाटन अवसर पर मंत्री पियो टिकोडुआदुआ ने भारत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम फिजी में संस्थागत क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने की दिशा में उपयोगी बताया।

फिजी में भारत के उच्चायुक्त सुनीत मेहता ने भी रक्षा मुख्यालय प्रशिक्षण संस्थान के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भारत और फिजी के बीच घनिष्ठ एवं लगातार मजबूत हो रही साझेदारी को दर्शाता है।

कार्यक्रम के पहले चरण में सुशासन, रक्षा खरीद, शासन व्यवस्था में नैतिकता, प्रतिभा प्रबंधन, क्षमता निर्माण, प्रशासनिक कानून और नागरिक-केंद्रित शासन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा रक्षा क्षेत्र में लेखा परीक्षा संबंधी ढांचे का आधुनिकीकरण, डिजिटल परिवर्तन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उद्देश्य आधारित नेतृत्व, रणनीतिक संचार और रक्षा क्षेत्र के अधिकारियों के लिए भावनात्मक बुद्धिमत्ता जैसे विषय भी पाठ्यक्रम में शामिल किए गए हैं।

इस चार सप्ताह के कार्यक्रम का दूसरा चरण वर्ष 2027 की पहली तिमाही में नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जो दो सप्ताह का होगा। इसमें फिजी के अधिकारियों को रक्षा प्रशासन और लोक प्रशासन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर आगे प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह पहल फिजी में प्रशासनिक और संस्थागत क्षमता निर्माण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही, प्रशिक्षण, ज्ञान के आदान-प्रदान और रक्षा प्रशासन के क्षेत्र में सहयोग के माध्यम से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।