मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति को देखते हुए रोजगार गारंटी योजना और ‘वीबीजी रामजी’ के तहत होने वाले कार्यों को सभी स्तरों पर प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। रोजगार गारंटी योजना मंत्री भरत गोगावले ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की मांग करने वाला कोई भी पात्र परिवार काम से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने रोजगार उपलब्ध कराने के साथ जल संरक्षण, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था और ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मंत्री भरत गोगावले ने सूखे की पृष्ठभूमि में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में ‘वीबीजी रामजी’ के तहत किए जाने वाले कार्यों और लंबित भुगतानों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सूखे के दौरान ग्रामीण नागरिकों को राहत देना, किसानों को सहायता पहुंचाना और जरूरतमंद प्रत्येक परिवार को रोजगार उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि इस जिम्मेदारी के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार ने अतिरिक्त कुशल श्रम निधि के रूप में 116 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। मंत्री ने निर्देश दिया कि इस राशि का उपयोग केवल निधि आवंटन पत्र में निर्धारित और सरकार द्वारा स्वीकृत कार्यों के लिए ही किया जाए। अतिरिक्त कुशल श्रम निधि से जिन पहुंच मार्गों के निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है, उन्हीं के लिए भुगतान किया जाए। निधि के इस्तेमाल में किसी भी तरह की अनियमितता या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

सूखा प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के चारे की कमी को लेकर भी मंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने सबसे अधिक चारा संकट का सामना कर रहे जिलों का तत्काल आकलन कर प्राथमिकता सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कोंकण क्षेत्र में उपलब्ध घास की कटाई शुरू हो गई है। वहां से अधिक से अधिक चारा सूखा प्रभावित जिलों में भेजने का प्रयास किया जाएगा, ताकि नई आपूर्ति उपलब्ध होने तक पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था बनी रहे।

‘वीबीजी रामजी’ के तहत 76 करोड़ रुपये के निधि हस्तांतरण आदेश प्राप्त हुए हैं। इसमें से 38 करोड़ रुपये की प्रक्रिया पूरी कर संबंधित लाभार्थियों और कार्यान्वयन की जिम्मेदारी संभालने वाली ग्राम पंचायतों के खातों में राशि हस्तांतरित कर दी गई है। शेष 38 करोड़ रुपये का सत्यापन पूरा कर आगामी शुक्रवार तक वितरण करने के निर्देश भी मंत्री भरत गोगावले ने दिए।

मंत्री ने दोहराया कि सूखे की स्थिति में ग्रामीण परिवारों को रोजगार, किसानों को राहत और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।