सैय्यद जाहिद अली रियासत
मुंबई। माटुंगा लेबर कैंप की आनंद ग्राहक सहकारी संस्था मर्यादित ने अपनी स्थापना के 80 वर्ष पूरे किए। वर्ष 1946 से शुरू हुई संस्था की यात्रा सहकार, सामाजिक प्रतिबद्धता और आंबेडकरी विचारों की विरासत से जुड़ी रही है। यह बात सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव ने संस्था की वार्षिक सर्वसाधारण सभा में कही।
सभा की अध्यक्षता रमेश अमृत काले ने की। संस्था के ऑडिटर उत्तम चव्हाण ने लेखा-जोखा, बैलेंस शीट और ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। वरिष्ठ शेयरधारकों, सदस्यों और महिला शेयरधारकों का शॉल व पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।
सभा में बताया गया कि संस्था की नींव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के सामाजिक और आर्थिक स्वावलंबन के विचारों से प्रेरित होकर रखी गई थी। वर्ष 1984 में संस्था को आनंद ग्राहक सहकारी संस्था मर्यादित नाम दिया गया। संस्था की ओर से महिला सशक्तिकरण, समाज प्रबोधन, विवाह परिचय सम्मेलन सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं।
संचालक प्रशांत मोतीराम अहिरे ने कहा कि संस्था शेयरधारकों और सदस्यों की है तथा संचालक मंडल न्यासी के रूप में कार्य करता है। वहीं संचालक नितीन विजय भालेराव ने सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव के कानूनी और प्रशासनिक सहयोग का उल्लेख किया।
संजय रमेश भालेराव ने कहा कि 80 वर्षों की विरासत केवल अतीत का गौरव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी है। सहकारिता, स्वावलंबन, संगठन और सामाजिक मूल्यों को आगे बढ़ाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संस्था के पदाधिकारियों में अध्यक्ष मनोहर अमृत काले, सचिव विशाल दिनकर निरभवणे और कोषाध्यक्ष पुष्पलता मधुकर कसबे शामिल हैं। संचालक मंडल में भारती किसन शिंदे, विकास भास्कर कापडे, प्रशांत मोतीराम अहिरे, नितीन विजय भालेराव, विश्वास पुंजाजी गवळे, गौतम मधुकर पवार, विशाल महेश गुप्ता, अतुल निवृत्ती जाधव, बाळू देवराम कापडे और कांताताई वसंत पगारे शामिल हैं।