Article Content
वाल्मीकि जयंती पर विहिप ने कराया दर्जनों लोगों की हिंदू धर्म में पुनः वापसी
नरेन्द्र शुक्ल / संवाददाता
माधौगंज, हरदोई। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना क्षेत्र के रूदामऊ गांव स्थित जख्ख देवी मंदिर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान लगभग एक दर्जन लोगों ने सनातन धर्म के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। विहिप कार्यकर्ताओं ने उन्हें हिंदू धर्म की संस्कृति, परंपराओं और रीति-रिवाजों से जुड़ने के लिए सम्मानित किया।
विहिप के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी के अनुसार, कार्यक्रम में राजू, कांती देवी, खुशबू, रेखा, नेहा, मिथुन, गोलू, अजय, गगन, सतीश, रंजीत, सौरव, संदीप, सचिन और संगीत सहित कई लोगों ने सनातन धर्म के प्रति आस्था व्यक्त की। उन्होंने बताया कि ये लोग पहले ईसाई धर्म के अनुयायियों के संपर्क में आए थे और अब संतों के आशीर्वाद से सनातन धर्म की परंपराओं और रीति-रिवाजों से पुनः जुड़ने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर विहिप कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शामिल लोगों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर और रामनामी पटुका भेंट कर सम्मानित किया। मंदिर परिसर में उपस्थित संतों ने देवी-देवताओं के जयकारे लगाए और सभी को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में विहिप के जिला प्रसार प्रमुख मनीष तिवारी, प्रखंड उपाध्यक्ष राकेश सिंह, प्रखंड मंत्री प्रभाष कुशवाहा, सह मंत्री रिंकू कुशवाहा, बलोपासना प्रमुख प्रदीप वाल्मीकि और गौ रक्षा प्रमुख अनिकेत तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.