मुंबई। 26 सितंबर 2026
ऑपरेशन रेल सुरक्षा के तहत आरपीएफ अंधेरी ने रेल संपत्ति चोरी के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए करीब 3.55 लाख रुपये कीमत के कॉपर वायर बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा गया, जबकि उनकी निशानदेही पर दो रिसीवरों समेत अन्य संदिग्धों को भी जांच के लिए हिरासत में लिया गया।
आरपीएफ के अनुसार 26 सितंबर को करीब शाम 4:30 बजे उपनिरीक्षक मुकेश त्यागी, उपनिरीक्षक भागीरथ मीना, सहायक उपनिरीक्षक ललित कुमार त्रिपाठी तथा सीपीडीएस स्टाफ और ड्यूटी स्टाफ पूर्व में दर्ज मामले के आरोपियों की सुरागसी कर रहे थे। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार संख्या एमएच 01 एफई 2126 के साथ दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने अपने नाम मोहम्मद जाकिर सबिर अली शेख और आसिफ यासीन शेख बताए। आरपीएफ के अनुसार दोनों ने जोगेश्वरी यार्ड में चोरी करने के इरादे से आने और उनके साथ दो अन्य साथियों के होने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर जोगेश्वरी यार्ड से चार बोरियों में करीब 220 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2.20 लाख रुपये बताई गई है।
मामला रेल संपत्ति की चोरी का पाए जाने पर दोनों के खिलाफ एडीएच सीआर 12/2026, धारा 3 आरपी (यूपी) एक्ट के तहत 26 सितंबर को मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने 22-23 सितंबर की रात अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 135 किलोग्राम कॉपर वायर चोरी करने और उसे मझगांव स्थित दो कबाड़ दुकानों पर क्रमश: 35 और 100 किलोग्राम बेचने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर मझगांव में दो रिसीवरों को रेल संपत्ति के साथ पकड़ा गया।
आरपीएफ के अनुसार करीब 1.35 लाख रुपये कीमत के 135 किलोग्राम कॉपर वायर के साथ दो रिसीवर ईश्वर और रमेश चंद तथा तीन अन्य संदिग्ध रहीम जरार, अवीनाश और गुलजार को आगे की जांच के लिए उपनिरीक्षक भागीरथ मीना को सुपुर्द किया गया।
मामले में एक अन्य आरोपी मोहम्मद सलमान को भी गिरफ्तार किया गया है। उस पर लोहे के पीले रंग के कटर से केबल काटने की बात कबूल करने का उल्लेख किया गया है। हालांकि कटर की बरामदगी अभी शेष है। वहीं विक्रम नामक एक अन्य व्यक्ति की तलाश जारी है।
आरपीएफ के अनुसार संबंधित विभाग से संपर्क किया गया है, लेकिन अभी तक सकारात्मक जवाब नहीं मिला है और न ही चोरी संबंधी मेमो जारी किया गया है। मामले की जांच निरीक्षक अंधेरी राजीव सिंह सलरिया के नेतृत्व में जारी है।