सैय्यद जाहिद अली रियासत / रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क

मुंबई। भारतीय बौद्ध महासभा की शाखा भीमयान बुद्ध विहार, माटुंगा लेबर कैंप की ओर से वर्षावास समापन समारोह, महाबोधि महाविहार के इतिहास पर विशेष धम्म प्रवचन और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान समारोह उत्साहपूर्ण एवं धम्ममय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश सुर्वे ने की, जबकि मंच संचालन चंद्रकांत वाघ ने किया। समारोह की शुरुआत तथागत भगवान गौतम बुद्ध और बोधिसत्व भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को अभिवादन, सामूहिक बुद्ध वंदना, त्रिशरण और पंचशील ग्रहण के साथ हुई।

विजय कांबले गुरुजी ने महाबोधि महाविहार का वास्तविक इतिहास एवं पवित्र वर्षावास के समापन विषय पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने महाविहार के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के साथ वर्षावास की परंपरा पर प्रकाश डाला।

सामाजिक, न्यायिक और आंबेडकरी आंदोलन में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय रमेश भालेराव को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में संजय रमेश भालेराव ने कहा कि महाबोधि महाविहार विश्वभर के बौद्ध अनुयायियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसके प्रबंधन में बौद्ध समाज को न्यायोचित अधिकार और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिए गए समानता, स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय के संवैधानिक मूल्यों के बावजूद वहां गैर-बौद्ध महंतों का वर्चस्व बने रहना उचित नहीं है। इस ऐतिहासिक अन्याय को दूर करने के लिए संपूर्ण बौद्ध समाज को संगठित होना आवश्यक है।

उन्होंने अनुसूचित जातियों के आरक्षण में उपवर्गीकरण का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में 59 अनुसूचित जातियां और 209 उपजातियां हैं। ऐसे में इस निर्णय के सामाजिक, शैक्षणिक और संवैधानिक प्रभावों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने संवैधानिक संरक्षण के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देने के लिए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनजागरण अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।

धारावी पुनर्विकास परियोजना का उल्लेख करते हुए भालेराव ने मांग की कि भीमयान बुद्ध विहार को उसके वर्तमान मूल स्थान पर ही स्थायी, सम्मानजनक और सुरक्षित जगह उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि बुद्ध विहार केवल प्रार्थना स्थल नहीं, बल्कि समाज प्रबोधन, धम्म शिक्षा और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों के प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र है।

समारोह में तीन महीने तक नियमित बुद्ध वंदना, धम्मश्रवण और धार्मिक गतिविधियों में सहभागी रहने वाली बौद्ध उपासिका बहनों तथा महिला मंडलों को प्रमाणपत्र, पंचशील मफलर और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कला क्षेत्र में फिल्म अभिनेता किरण अशोक निकम, चिकित्सा सेवा में सायन अस्पताल से सेवानिवृत्त लक्ष्मण प. चंदनशिवे तथा छायाचित्रण के क्षेत्र में विजय पुंडलिक गांगुर्डे को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, आंबेडकरी कार्यकर्ता, बौद्ध उपासक-उपासिकाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अंत में आयु. गणेश सवणे ने आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन सामूहिक शरणगमन और धम्म वंदना के साथ हुआ।