राजेश उपाध्याय / रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली। दीपावली केवल दीप जलाने, मिठाइयां बांटने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, पारिवारिक प्रेम, सामाजिक सद्भाव और समृद्धि का प्रतीक भी है। इस वर्ष दीपावली को स्वदेशी उत्पादों, शुद्ध आहार और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ मनाने की अपील करते हुए एमएसएमई, भारत सरकार के निदेशक डॉ. नितिन शर्मा ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को हर घर का हिस्सा बनाना समय की आवश्यकता है।

डॉ. शर्मा ने देशवासियों से 'स्वदेशी दिवाली 2026' मनाने का आह्वान करते हुए कहा कि त्योहारों की खुशियों के साथ परिवार के स्वास्थ्य और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का ध्यान रखना भी जरूरी है। दीपावली के दौरान घरों में मिठाइयां, नमकीन, पकवान और विभिन्न खाद्य पदार्थ खरीदे जाते हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की सामग्री, गुणवत्ता, निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और पैकेट पर दी गई जानकारी की जांच अवश्य करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, ताजे, कम प्रसंस्कृत और अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें। अनावश्यक कृत्रिम रंगों और परिरक्षकों से बचने का प्रयास करें। हालांकि, यह समझना भी जरूरी है कि हर परिरक्षक हानिकारक नहीं होता और परिरक्षक-मुक्त होने का दावा करने वाला प्रत्येक उत्पाद अपने आप स्वास्थ्यवर्धक नहीं हो जाता। इसलिए सही जानकारी, सुरक्षित खाद्य निर्माण और गुणवत्ता मानकों को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

डॉ. नितिन शर्मा ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे देश के कारीगरों, किसानों, छोटे दुकानदारों, महिला उद्यमियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को भी प्रोत्साहन मिलता है। जब हम किसी भारतीय कारीगर का मिट्टी का दीपक खरीदते हैं या किसी स्थानीय महिला उद्यमी के बनाए उत्पाद को अपनाते हैं, तो हम उसकी आजीविका और उद्यम को सहयोग देते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और विपणन के अवसर बढ़ सकते हैं।

उन्होंने इस दीपावली पर पांच संकल्प अपनाने की अपील की। पहला, परिवार के लिए शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ खरीदें और उनकी सामग्री तथा निर्माण एवं समाप्ति तिथि की जांच करें। दूसरा, मिट्टी के दीपक, हस्तशिल्प, भारतीय वस्त्र और स्थानीय निर्माताओं के उत्पादों को प्राथमिकता दें। तीसरा, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित करें। चौथा, जरूरत के अनुसार खरीदारी करें, खाद्य पदार्थों की बर्बादी रोकें और उनका सुरक्षित भंडारण करें। पांचवां, बिजली की अनावश्यक खपत कम करें तथा पर्यावरण के अनुकूल सजावट और कचरे के उचित निपटान पर ध्यान दें।

डॉ. शर्मा ने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य केवल बड़े उद्योगों और आर्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं है। इसकी मजबूत नींव स्वस्थ परिवारों, जागरूक उपभोक्ताओं, सशक्त किसानों, कुशल कारीगरों, महिला उद्यमियों और आत्मनिर्भर एमएसएमई क्षेत्र में भी निहित है। प्रत्येक परिवार यदि अपनी खरीदारी में भारतीय उत्पादन, गुणवत्ता और स्थानीय रोजगार को महत्व देता है, तो इससे भारतीय उद्यमों के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

उन्होंने 'हर रसोई तक शुद्ध भारतीय आहार' की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं में खाद्य गुणवत्ता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्थानीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।

अंत में डॉ. नितिन शर्मा ने देशवासियों से अपील की कि इस दीपावली केवल घरों को ही