जैन धर्म ने विश्व को अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह का मार्ग दिखाया : राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया
राजेश दिनानाथ जायसवाल / संवाददाता
बेंगलुरु। पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने बेंगलुरु स्थित गोडवाड़ हाउस में चातुर्मास के लिए विराजित परम पूज्य गच्छाधिपति आचार्य श्री विजय नित्यानंद सूरीश्वरजी महाराज के दर्शन-वंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने जैन धर्म की शिक्षाओं, भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व और समाज में संतों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
गच्छाधिपति आचार्य श्री विजय नित्यानंद सूरीश्वरजी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि अहिंसा परमो धर्म का अर्थ है प्रत्येक जीव के प्रति दया और करुणा रखना। मन, वचन और काया से किसी भी जीव को कष्ट नहीं पहुंचाना ही सच्चे धर्म का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि संयम ही जीवन है। मोबाइल और भौतिक सुख-सुविधाओं के प्रति संयम रखने से व्यक्ति अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकता है। जो स्वयं पर नियंत्रण करना सीख लेता है, वह जीवन की बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना कर सकता है।
उन्होंने नर सेवा को नारायण सेवा बताते हुए कहा कि संस्कारों के बिना शिक्षा अधूरी है। जो व्यक्ति अपने घर में गुरु और माता-पिता का सम्मान नहीं करता, वह जीवन में सच्ची महानता प्राप्त नहीं कर सकता। आचार्यश्री ने कहा कि चातुर्मास के चार महीने आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और अपने कर्मों की समीक्षा करने का अवसर हैं। व्यक्ति को कम बोलना, मीठा बोलना और अपने आचरण में सुधार करना चाहिए। धर्म केवल बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर निहित है। उन्होंने राज्यपाल को धर्म-ध्यान में निरंतर आगे बढ़ने और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलते रहने का मंगल आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि है। गुरु ही वह प्रकाश हैं, जो मनुष्य को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। गच्छाधिपति आचार्य श्री विजय नित्यानंद सूरीश्वरजी महाराज जैसे तपस्वी, ज्ञानी और करुणामय संत के दर्शन कर वे स्वयं को धन्य मानते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि जैन धर्म ने पूरे विश्व को अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह का मार्ग दिखाया है। गच्छाधिपति आचार्यश्री का जीवन त्याग, तपस्या और मानव कल्याण का जीवंत उदाहरण है। उनके चातुर्मास से बेंगलुरु की धरती पावन हुई है और समाज को नई दिशा मिल रही है।
गुरु महिमा पर प्रकाश डालते हुए कटारिया ने कहा कि गुरु के बिना ज्ञान और ज्ञान के बिना जीवन की सार्थकता अधूरी है। आज के भौतिक युग में जब मनुष्य तनाव और अशांति से घिरा है, तब संतों का सान्निध्य उसे आंतरिक शांति और उचित मार्गदर्शन प्रदान करता है। गच्छाधिपति की वाणी में निहित ओज और करुणा समाज को जोड़ने का कार्य करती है।
कार्यक्रम के दौरान गोडवाड़ हाउस में उपस्थित श्रद्धालुओं और जैन समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने राज्यपाल का आत्मीय स्वागत किया। राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का सपत्नीक गोडवाड़ हाउस आगमन जैन समाज के लिए गौरव, हर्ष और प्रेरणा का अवसर रहा।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.