असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस पटरी से उतरी, चार यात्री घायल; इंजन समेत पांच डिब्बे प्रभावित

रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क/ संवाददाता

गुवाहाटी/

असम में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। कोलकाता से मिजोरम के सैरांग जा रही कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस डिगारू रेलवे स्टेशन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर हुई इस घटना में ट्रेन का इंजन और पांच यात्री डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर मिजोरम की ओर जा रही थी। जब ट्रेन असम के कामरूप मेट्रो जिले में स्थित डिगारू रेलवे स्टेशन पर पहुंच रही थी, उसी दौरान यह हादसा हुआ। यह स्थान गुवाहाटी से लगभग 44 किलोमीटर की दूरी पर बताया गया है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को रिसीव किया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

लोको पायलट केबिन का वीडियो भी आया सामने

दुर्घटना के बाद लोको पायलट के केबिन का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में चालक ब्रेक पाइप का दबाव कम नहीं होने और सिग्नल लाल होने की बात कहता सुनाई देता है। वीडियो में आपातकालीन ब्रेक लगाने के बावजूद उसके प्रभावी ढंग से काम नहीं करने की बात भी सामने आई है।

हालांकि, ब्रेक प्रणाली में खराबी दुर्घटना का वास्तविक कारण थी या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। रेलवे की ओर से घटना की जांच कराए जाने की बात कही गई है।

चार यात्रियों को मामूली चोटें

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की ओर से सामने आई जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में चार लोगों को मामूली चोटें आईं। घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। दुर्घटना के बाद रेलवे अधिकारियों और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर बचाव एवं बहाली का काम शुरू किया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेल परिचालन को सामान्य करने के प्रयास शुरू किए गए।

इस दुर्घटना के कारण आसपास के रेल यातायात पर भी असर पड़ा। रेलवे प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।