मुंबई। महाराष्ट्र में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देश की पहली सल्फर डाइऑक्साइड (SO₂) उत्सर्जन ट्रेडिंग योजना लागू की जाएगी। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से शुरू की जाने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना से राज्य की लगभग 13 करोड़ आबादी को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है। राज्य की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सरकार औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।
एमिशन मार्केट एक्सेलेरेटर के सहयोग से लागू होने वाली इस योजना के तहत औद्योगिक इकाइयों को उनके निर्धारित उत्सर्जन स्तर के आधार पर परमिट जारी किए जाएंगे। जो उद्योग निर्धारित सीमा से कम सल्फर डाइऑक्साइड का उत्सर्जन करेंगे, वे अपने पास बचे अतिरिक्त परमिट अन्य औद्योगिक इकाइयों को बेच सकेंगे। वहीं, जिन उद्योगों को अधिक परमिट की आवश्यकता होगी, वे इन्हें खरीद सकेंगे। इस बाजार आधारित व्यवस्था से उद्योगों को प्रदूषण कम करने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा और उत्सर्जन नियंत्रण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकेगी।
मंत्री पंकजा मुंडे ने कहा कि सरकार उद्योगों के साथ मिलकर प्रदूषण नियंत्रण के व्यावहारिक और प्रभावी उपाय विकसित कर रही है। इसका उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा के साथ-साथ औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति देना है।
इसी अवसर पर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल और यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो ट्रस्ट के बीच पर्यावरण नियमन तथा औद्योगिक निरीक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और मशीन लर्निंग के उपयोग को लेकर समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस तकनीक के माध्यम से ऐसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों की पहचान करने में मदद मिलेगी, जहां पर्यावरण नियमों के उल्लंघन की आशंका अधिक है। इससे निरीक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने और प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
पंकजा मुंडे ने विश्वास जताया कि आधुनिक तकनीक और नई नीतिगत पहल के माध्यम से महाराष्ट्र में पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय स्थिरता बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश रामदास कदम, शिकागो विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर मिल्टन फ्रीडमैन तथा एनर्जी पॉलिसी इंस्टीट्यूट के निदेशक और एमिशन मार्केट एक्सेलेरेटर के सह-अध्यक्ष प्रो. माइकल ग्रीनस्टोन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.