पालघर। भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र सहित सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) कार्यक्रम की समयसीमा बढ़ा दी है। आयोग की ओर से 17 नवंबर 2026 को जारी नए निर्देशों के अनुसार, अब ASDD (Absent, Shifted, Dead and Duplicate) श्रेणी के मतदाताओं के गणना फॉर्म का वितरण और संकलन 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। वहीं, महाराष्ट्र में अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।

पालघर जिला प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, निर्वाचन आयोग के पत्र क्रमांक 23/2026-ERS (Vol. II) के तहत पुनरीक्षण कार्यक्रम के संशोधित कार्यक्रम को लागू किया गया है। इसके अंतर्गत ASDD श्रेणी के मतदाताओं के गणना फॉर्म तैयार करने और उनकी छपाई का काम 18 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 18 नवंबर से 30 नवंबर तक गणना फॉर्म का वितरण और संकलन किया जाएगा। संबंधित फॉर्मों के निस्तारण की अंतिम तारीख 10 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

15 दिसंबर तक निपटाए जाएंगे दावे और आपत्तियां

मतदाता सूची पुनरीक्षण के अन्य चरणों में भी बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2026 रखी गई है। इसके बाद 22 दिसंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

यह संशोधित कार्यक्रम महाराष्ट्र के अलावा आंध्र प्रदेश, दिल्ली, नागालैंड, तेलंगाना, हरियाणा और झारखंड में भी लागू होगा।

मतदाताओं से सहयोग की अपील

पालघर जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान संबंधित मतदान केंद्रस्तरीय अधिकारी (BLO) को आवश्यक सहयोग करें। विशेष रूप से ASDD श्रेणी में आने वाले मतदाता अपनी मतदाता पंजीकरण संबंधी जानकारी और आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समयसीमा के भीतर संबंधित BLO के पास जमा करें।

इसके साथ ही मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (AERO) और मतदान केंद्रस्तरीय अधिकारियों (BLO) को निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सभी आवश्यक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज रानडे ने पालघर जिले के सभी नागरिकों, संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और राजनीतिक दलों से मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।