नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 17 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के वर्षभर चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आईसीएमआर जैसे प्रमुख अनुसंधान संस्थान अनुसंधान, आपसी सहयोग और नवाचार के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत के स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि मलेरिया लंबे समय से भारत सहित दुनिया के अनेक देशों के लिए गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती रहा है। स्वतंत्रता के समय यह देश की सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं में शामिल था। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में भारत ने मलेरिया नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, आधुनिक जांच तकनीक, प्रभावी दवाओं, मच्छर नियंत्रण अभियानों और जनभागीदारी से इस बीमारी के प्रसार को रोकने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि मलेरिया उन्मूलन की दिशा में भारत की प्रगति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है। वर्ष 2024 में भारत विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की 'हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट' श्रेणी से बाहर निकलने में सफल रहा। यह उपलब्धि सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों, वैज्ञानिकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान की पांच दशकों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान ने मलेरिया परजीवी, मच्छरों, रोगवाहक नियंत्रण, कीटनाशकों के प्रति प्रतिरोधक क्षमता और समुदाय आधारित निगरानी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अग्रणी अनुसंधान किया है। मलेरिया के खिलाफ देश की लंबी लड़ाई में संस्थान का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
जलवायु परिवर्तन और शहरीकरण नई चुनौती
राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, अनियोजित शहरीकरण और मच्छरों में कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता मलेरिया उन्मूलन के प्रयासों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर सकती हैं। ऐसी परिस्थितियों में केवल स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे। जलजमाव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने और पर्यावरण प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नीति निर्माता और वैज्ञानिक समुदाय इन चुनौतियों से निपटने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने डेंगू को भी देश के लिए उभरती हुई बड़ी स्वास्थ्य चुनौती बताया। राष्ट्रपति के अनुसार, वैश्विक तापमान में वृद्धि और मानसून के बदलते स्वरूप के कारण डेंगू का खतरा और गंभीर हो सकता है।
कोविड महामारी में आईसीएमआर की महत्वपूर्ण भूमिका
राष्ट्रपति ने कहा कि आईसीएमआर के अनुसंधान और अध्ययनों ने तपेदिक, कुष्ठ रोग तथा कालाजार जैसी बीमारियों के खिलाफ देश की लड़ाई को दिशा दी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को तैयार करने में भी परिषद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कोविड-19 महामारी के दौरान आईसीएमआर ने रिकॉर्ड समय में राष्ट्रीय परीक्षण नेटवर्क स्थापित किया और भारत की पहली स्वदेशी कोविड-19 वैक्सीन के विकास में साझेदारी की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आईसीएमआर डेंगू जैसी बीमारियों के प्रभावी निदान और नियंत्रण के लिए भी अनुसंधान के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
2047 तक स्वस्थ और सशक्त भारत का लक्ष्य
राष्ट्रपति ने कहा कि स्वर्ण जयंती केवल संस्थान की पांच दशकों की उपलब्धियों पर गौरव करने का अवसर नहीं है, बल्कि भविष्य के लिए नए और निर्णायक लक्ष्य निर्धारित करने का भी समय है। भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके लिए अनुसंधान संस्थानों, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा केंद्रों और औद्योगिक क्षेत्र के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आईसीएमआर और उससे जुड़े संस्थान अनुसंधान, सहयोग और नवाचार के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में स्वास्थ्य क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों को पूरा करेंगे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.