रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क
कोच्चि। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि पुस्तकें केवल जानकारी प्राप्त करने का साधन नहीं हैं, बल्कि जीवन को बदलने, सोच का दायरा बढ़ाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रौद्योगिकी के जरिए जानकारी आसानी से उपलब्ध हो रही है, लेकिन वास्तविक ज्ञान और विवेक पुस्तकों तथा जीवन के अनुभवों से ही प्राप्त होता है।
ओम बिरला शुक्रवार को केरलम के कोच्चि में आयोजित 29वें कोच्चि अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से पढ़ने की आदत विकसित करने और दूसरों को भी पुस्तकों के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकें पीढ़ियों के ज्ञान और अनुभवों को संजोकर रखती हैं तथा व्यक्ति में जिज्ञासा, संवेदनशीलता, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जैसे गुण विकसित करती हैं।
उन्होंने जानकारी और ज्ञान के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक से सूचनाओं तक पहुंच आसान हुई है, लेकिन गहरी समझ और संवेदनशीलता विकसित करने में पुस्तकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। जीवनभर सीखते रहने के लिए जिज्ञासा आवश्यक है और पुस्तकें कठिन परिस्थितियों में भी आशा तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
भारत की विविधता का उल्लेख करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि विभिन्न भाषाएं, धर्म, परंपराएं और जीवनशैलियां देश की ताकत हैं। भारत का लोकतंत्र उसकी सबसे बड़ी शक्ति है, जो इतनी विविधताओं के बावजूद पूरे देश को एक सूत्र में बांधता है। लोकतंत्र हमें अलग-अलग विचारों और मतों का सम्मान करना तथा आपसी सौहार्द के साथ रहना सिखाता है। उन्होंने कहा कि विचारों में भिन्नता हो सकती है, लेकिन राष्ट्रहित के मुद्दों पर सभी को एकजुट रहना चाहिए।
भाषा और साहित्य की भूमिका पर उन्होंने कहा कि भाषाएं लोगों को बांटती नहीं, बल्कि उन्हें जोड़ती हैं और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत बनाती हैं। मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु सहित भारत की विभिन्न भाषाओं ने देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विरासत को समृद्ध किया है। अनुवाद और डिजिटल माध्यमों के जरिए अब साहित्य को भाषायी सीमाओं से बाहर भी पहुंचाया जा रहा है।
केरलम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बिरला ने शिक्षा, साहित्य, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में राज्य के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने भारत के पहले पूर्ण साक्षर राज्य के रूप में केरलम की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा ने यहां के लोगों को देश और विदेश में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और नर्सिंग के क्षेत्र में केरल की महिलाओं के योगदान की भी प्रशंसा की।
उन्होंने केरल के पुस्तकालय आंदोलन में पी. एन. पणिक्कर के योगदान को याद करते हुए कहा कि पुस्तकालयों और पढ़ने की संस्कृति ने साक्षरता के प्रसार तथा सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। 19 जून को मनाए जाने वाले वायना दिनम यानी पठन दिवस के माध्यम से पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के केरल के प्रयासों की भी उन्होंने सराहना की।
लोकसभा अध्यक्ष ने पुस्तक महोत्सव के आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्य, विचारों और बौद्धिक संवाद को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने पुस्तकों और अनुवादों के माध्यम से केरल की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश और दुनिया तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह महोत्सव नई पीढ़ी में पढ़ने की रुचि विकसित करने के साथ एक ज्ञानवान, संवेदनशील और जागरूक समाज के निर्माण में योगदान देगा।
कार्यक्रम में इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ, अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव के अध्यक्ष मधु एस. नायर, प्रकाश बाबू, साहित्य अकादेमी के सचिव डॉ. वरुण गुलाटी सहित कई साहित्यकार, विशिष्ट अतिथि और पुस्तक प्रेमी उपस्थित रहे।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.