संवाददाता
नई दिल्ली। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-IV) के तहत मिजोरम के लिए नई सड़क निर्माण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। वित्त वर्ष 2026-27 के बैच-1 के अंतर्गत कुल 710.40 करोड़ रुपये की लागत से 45 सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों की कुल लंबाई 509.54 किलोमीटर होगी।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से मिजोरम की 48 ऐसी ग्रामीण बस्तियों को पहली बार बारहमासी सड़क संपर्क उपलब्ध होगा, जो अब तक सड़क सुविधा से वंचित थीं। इससे ग्रामीण आबादी को स्कूलों, अस्पतालों और ग्रामीण मंडियों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही स्थानीय लोगों के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
केंद्र सरकार के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है। इन परियोजनाओं से दूरदराज के इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी योगदान मिलेगा।
इसके अलावा, पीएमजीएसवाई के अंतर्गत मिजोरम में अब तक 3,412 करोड़ रुपये की लागत से 367 सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है। इनकी कुल लंबाई 4,935 किलोमीटर है। इसके साथ ही राज्य में सात पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
Join the discussion (0 approved)
No approved comments yet. Be the first to join the discussion.