Menu
Select Language
EN
HI

विरार में अमित ठाकरे का ‘युवा संवाद’, सरकार पर साधा निशाना

R

Radheshyam singh

Aug 30, 2026 • 22 Views

विरार में अमित ठाकरे का ‘युवा संवाद’, सरकार पर साधा निशाना

राधेश्याम सिंह / संवाददाता
विरार। न्यू विवा कॉलेज में शनिवार को आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता अमित ठाकरे ने युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक, विद्यार्थियों के आंदोलन और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
अमित ठाकरे ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के कारण 21 छात्र-छात्राओं ने आत्महत्या की और दिल्ली में आंदोलनकारी विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किया गया, लेकिन सरकार ने उचित भूमिका नहीं निभाई। उन्होंने कहा कि युवाओं की ताकत सामने आने और केंद्र से इस्तीफे होने के बाद ही सरकार को युवा पीढ़ी के लिए कार्यक्रम आयोजित करने की याद आई।
कार्यक्रम में अमित ठाकरे के पहुंचने पर विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं ने उनके साथ फोटो और सेल्फी ली। उन्होंने कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात भी की।
कार्यक्रम से पहले अमित ठाकरे ने मनसे विद्यार्थी सेना स्टैंड, न्यू विवा कॉलेज विरार इकाई का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने वसई-विरार शहर महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटील और पूर्व विधायक क्षितिज ठाकुर से मुलाकात की।
मीडिया से बातचीत में अमित ठाकरे ने जेन-जी युवाओं की जागरूकता और एकजुटता की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले दो से ढाई महीनों की घटनाओं से युवाओं से काफी कुछ सीखने को मिला है। उनके मुताबिक, युवाओं को किसी सलाह की जरूरत नहीं है और वे सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
दिल्ली में आंदोलनकारी विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से केंद्र से जवाब मांगने की बात कही। उन्होंने कहा कि संकट के समय उद्धव बालासाहब ठाकरे और राज ठाकरे युवाओं के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं, जिसके कारण युवा पीढ़ी में उनके प्रति विश्वास और सम्मान कायम है।

Discussion