मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर से दर्शन हुए सुगम, धार्मिक पर्यटन को मिला बढ़ावा : योगी आदित्यनाथ

S

SKShukla

Oct 15, 2026 • 77 Views

मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर से दर्शन हुए सुगम, धार्मिक पर्यटन को मिला बढ़ावा : योगी आदित्यनाथ

मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर से दर्शन हुए सुगम, धार्मिक पर्यटन को मिला बढ़ावा : योगी आदित्यनाथ

जगदीश प्रसाद/संवाददाता

मीरजापुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी देवी का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने पक्का घाट पर गंगा किनारे निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कालीखोह मोड़ पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर के निर्माण से श्रद्धालुओं को दर्शन में सुविधा मिली है और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।

मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:40 बजे मोतिया झील स्थित हेलीपैड पहुंचे। वहां से सीधे मां विंध्यवासिनी मंदिर जाकर दर्शन-पूजन किया। नगर विधायक एवं तीर्थ पुरोहित रत्नाकर मिश्र ने उन्हें दर्शन कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री पक्का घाट पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने उन्हें कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या, काशी विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास कराया गया है। इन स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार से धार्मिक पर्यटन बढ़ा है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के विकास से धार्मिक आस्था के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिली है।

उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विंध्याचल मंडल में दो मेडिकल कॉलेज और दो राज्य विश्वविद्यालय संचालित हैं। मीरजापुर में मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय और भदोही में काशी नरेश विश्वविद्यालय के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। मीरजापुर और सोनभद्र में चिकित्सा शिक्षा की सुविधाओं का भी विस्तार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना के तहत विद्यार्थियों को नीट, आईआईटी, जेईई, यूपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निश्शुल्क तैयारी कराई जा रही है। विद्यार्थी इसका लाभ ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से ले सकते हैं। युवाओं को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने के लिए दो करोड़ टैबलेट वितरित करने की योजना है, जिनमें से अब तक 62 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकार भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है। एक जनपद, एक उत्पाद योजना से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिला है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के स्ववित्तपोषित संस्थानों सहित करीब 15 लाख शिक्षकों को उनके परिवार के साथ प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर उपलब्ध कराया गया है।

कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन, कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला है। एक जनपद, एक उत्पाद योजना सहित विभिन्न विकास कार्यों से प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल रही है।

कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों के साथ युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया को गति दी है। पुलिस और होमगार्ड भर्ती का उल्लेख करते हुए उन्होंने पारदर्शिता को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। उन्होंने कानून-व्यवस्था में सुधार और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के अंत में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री विद्याधर तिवारी ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री संजीव गौड़, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह, चुनार विधायक अनुराग सिंह, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्य, छानबे विधायक रिंकी कोल, राबर्ट्सगंज विधायक भूपेश चौबे, ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया और नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

मंदिर दर्शन और घाट निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस उपमहानिरीक्षक पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व विजेता और नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.