मऊ में भाजपा के बैनर तले एक दिन में निकलीं दो तिरंगा यात्राएं
प्रमोद मिश्रा / जिला संवाददाता
चित्रकूट। मऊ नगर पंचायत क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा बाजार रोड, राष्ट्रीय राजमार्ग, बस स्टैंड, तहसील के सामने होते हुए पावर हाउस तक पहुंची। यात्रा में देशभक्ति के नारों के बीच कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा में मऊ की ब्लॉक प्रमुख सुशीला देवी, युवा भाजपा नेता एवं समाजसेवी अजय मिश्रा, मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश मिश्रा, महेश पांडे सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महामती प्राणनाथ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा यात्रा में उत्साह के साथ सहभागिता की।
वहीं, मऊ नगर पंचायत में भाजपा के अलग-अलग गुटों के बीच राजनीतिक दूरी भी इस दौरान नजर आई। नगर पंचायत अध्यक्ष अमित द्विवेदी और जिला पंचायत सदस्य विनीत द्विवेदी पहली तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हुए। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अमित द्विवेदी के पक्ष में भी अलग तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस तरह मऊ नगर पंचायत क्षेत्र में एक ही दिन भाजपा के बैनर तले दो भव्य तिरंगा यात्राएं निकलीं। दोनों यात्राओं में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देशभक्ति का संदेश देते हुए तिरंगे के सम्मान का संकल्प लिया।