दीवाली की खुशियां मातम में बदलीं, जेब में फटा सुतली बम, 10 वर्षीय मासूम की मौत
रूद्र साहस न्यूज नेटवर्क / संवाददाता
खागा, फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी गांव में दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, संतू का 10 वर्षीय बेटा सचिन दीपावली की रात पड़ोस के बच्चों के साथ पटाखे जला रहा था। बताया जा रहा है कि सचिन ने सुतली बम में आग लगाकर फेंका, लेकिन वह नहीं फटा। इसके बाद उसने बम को अपनी पैंट की जेब में रख लिया। कुछ देर बाद जेब में ही बम फट गया, जिससे सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन तत्काल बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दीपावली की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। खागा कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।