Menu
Select Language
EN
HI

सावन के सोमवार पर बरेली में स्कूलों के लिए अवकाश, डीएम का आदेश जारी

D

Desk

Aug 01, 2026 • 28 Views

सावन के सोमवार पर बरेली में स्कूलों के लिए अवकाश, डीएम का आदेश जारी


बरेली

सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सावन के प्रत्येक सोमवार को जिले के निर्धारित शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, बरेली महानगर क्षेत्र के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संबद्ध सभी विद्यालयों में सावन के हर सोमवार को अवकाश रहेगा। साथ ही दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों पर भी यह आदेश लागू होगा।
प्रशासन का कहना है कि सावन के सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िये विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं, जिससे प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ और जाम की स्थिति बनती है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा, जबकि शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ शासकीय कार्यों के लिए संस्थानों में उपस्थित रहेगा। यदि किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय अथवा आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा है, तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन के इस निर्णय से कांवड़ यात्रा के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ ही अभिभावकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

Discussion