Home /

महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव: नितिन गडकरी का बड़ा दावा, पांचों सीटों पर जीत का भरोसा

N

News Desk/ Shivkumar Shukla

Oct 25, 2026 • 67 Views

महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव: नितिन गडकरी का बड़ा दावा, पांचों सीटों पर जीत का भरोसा

महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव: नितिन गडकरी का बड़ा दावा, पांचों सीटों पर जीत का भरोसा

 सूर्यप्रकाश दुबे

मुंबई। महाराष्ट्र में विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा की जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार विजयी होंगे और पहले राउंड में ही जीत हासिल कर लेंगे। वहीं, केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भी महाराष्ट्र की पांचों सीटों पर जीत का विश्वास व्यक्त किया है।

महाराष्ट्र में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान के दौरान नितिन गडकरी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा और जनसंघ को चुनावों में हमेशा जीत मिलती रही है। इस बार भी पार्टी के उम्मीदवार विजयी होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा पहले राउंड में ही जीत हासिल करेगी। चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि मतदान कर उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। राज्य में पांच स्थानों पर चुनाव हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आखिरी मतदाता तक पहुंचने में सफल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। महाराष्ट्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि भाजपा पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने भी भाजपा उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया। कोल्हापुर में उन्होंने गुलाब देकर मतदाताओं का स्वागत किया। पाटिल ने बताया कि तीन सप्ताह तक व्यापक प्रचार अभियान चलाने के बाद सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि वह पुणे में मतदान करेंगे और समय मिलने पर आठों विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से जीत हासिल करेंगे।

अमरावती निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी और शिवसेना उम्मीदवार किरण सरनाइक ने कहा कि वाशिम क्षेत्र के दौरे के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में मतदाताओं को पहुंचते देखा। उन्होंने विश्वास जताया कि 27 अक्टूबर को मतपत्रों की गिनती के बाद वह महायुति के उम्मीदवार के रूप में शिक्षकों का प्रतिनिधित्व करने के लिए निर्वाचित होंगे।

वहीं, पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से महा विकास अघाड़ी की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख ने भी अपनी जीत की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए अच्छी तैयारी की गई है और उन्हें भरोसा है कि मतदान के दिन मतदाता उनके पक्ष में समर्थन देंगे।

#

Discussion

Get Latest News Alerts

Enable notifications for breaking news from RudraSahas.